spot_img

New Delhi : खादी ने बेचा 1.87 लाख करोड़ का उत्पाद बिक्री के मामले में खादी ग्रामोद्योग ने बनाया रिकार्ड

New Delhi: Khadi Records Product Sales of ₹1.87 Lakh Crore

नई दिल्ली : (New Delhi) खादी ग्रामोद्योग (Khadi and Village Industries Commission) ने वित्त वर्ष 2025-26 में बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है। खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की कुल बिक्री बढ़कर 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गई, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है।

केवीआईसी (KVIC) के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री 1,87,105 करोड़ रुपये दर्ज की गई। इससे पहले 2024-25 में यह आंकड़ा 1,70,551 करोड़ रुपये था, जबकि 2013-14 में बिक्री केवल 31,154 करोड़ रुपये रही थी।
खादी उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2013-14 में 811 करोड़ रुपये का उत्पादन अब बढ़कर 3,973.98 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आयोग ने इसे 390 प्रतिशत की वृद्धि बताते हुए कारीगरों की मेहनत और स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग का परिणाम बताया।

2.51 लाख करोड़ की बिक्री का अनुमान
केवीआईसी के चेयरमैन (Manoj Kumar) ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में बिक्री 2.51 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि कुल उत्पादन 2013-14 के 26,109 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1,25,296 करोड़ रुपये हो गया, जो लगभग पांच गुना वृद्धि है।

रोजगार के क्षेत्र में भी खादी और ग्रामोद्योग गतिविधियों ने बड़ा विस्तार किया है। आयोग के मुताबिक इस क्षेत्र में रोजगार 1.30 करोड़ से बढ़कर 2.04 करोड़ तक पहुंच गया है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण कारीगरों को रोजगार मिला है।

एक साल में 66494 इकाइयों की स्थापना
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (Prime Minister’s Employment Generation Programme) (पीएमईजीपी) के तहत वर्ष 2025-26 में 66,494 नई इकाइयां स्थापित की गईं। इन इकाइयों के लिए 7,375 करोड़ रुपये के ऋण पर 2,457 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी जारी की गई। इससे 7.31 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध हुआ।

आयोग का कहना है कि खादी अब केवल परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर भारत अभियान की मजबूत आधारशिला बन चुकी है।

Explore our articles