
मुंबई : (Mumbai) मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन विभाग (Immigration Department at Mumbai Airport) ने एक बांग्लादेशी नागरिक (Bangladeshi national) को नकली भारतीय दस्तावेज़ों का इस्तेमाल करके ओमान जाने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार कर लिया। इस मामले की गहन छानबीन सहार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को मीडिया को बताया कि आरोपित जब इमिग्रेशन काउंटर पर पहुँचा, तो इमिग्रेशन अधिकारी गणेश गवली (Immigration Officer Ganesh Gawli) को वेरिफिकेशन के दौरान उस पर शक हुआ। आरोपित का मोबाइल फ़ोन चेक करने पर अधिकारियों को उसमें एक बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र, उसकी पत्नी लिपि परवीन (Lipi Parveen) के बांग्लादेशी पासपोर्ट की एक सॉफ़्ट कॉपी, और उसके बेटे लबीब उल इस्लाम (Labib-ul-Islam) से जुड़े वीज़ा दस्तावेज़ मिले।” इसके बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने आरोपित को सहार पुलिस स्टेशन (Sahar Police Station) को सौंप दिया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपित ‘एसके मिलन’ नाम से यात्रा करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन उसके दस्तावेजों पर शक होने पर पूरी छानबीन की गई, तो पता चला कि आरोपित का असली नाम मोहम्मद असदुर रहमान (30) है और वह बांग्लादेश के सतखिरा जिले के श्यामनगर का रहने वाला है। जांच के दौरान रहमान ने 2014 में अवैध रूप से भारत में घुसने की बात कबूल कर ली है। जांचकर्ताओं को पता चला कि उसने नकली भारतीय दस्तावेज़ हासिल कर लिए थे, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और डिजिटल राशन कार्ड शामिल थे।
पुलिस ने रहमान के पास से ओमान का रोजग़ार वीज़ा, एक बोर्डिंग पास और एक मोबाइल फ़ोन और अन्य दस्तावेज ज़ब्त कर लिया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपित ने नकली दस्तावेज़ों का इस्तेमाल करके कोलकाता पासपोर्ट कार्यालय (Kolkata Passport Office) से यह पासपोर्ट हासिल किया था। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।


