
कोलकाता : (Kolkata) पांडवेश्वर थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य शेख कमरुद्दीन (Sheikh Kamruddin) को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेख कमरुद्दीन पर इलाके में आतंक फैलाने, लोगों को धमकाने और कथित तौर पर तोलाबाजी (रंगदारी वसूली) करने के गंभीर आरोप हैं। उन्हें शुक्रवार रात गिरफ्तार किया गया और बाद में दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।
बताया जा रहा है कि वह साउथ श्यामला कोलियरी श्रमिक संगठन (South Shyamla Colliery Workers’ Union) के सचिव भी हैं। इससे पहले भी पांडवेश्वर के छोड़ा पंचायत के प्रधान को भ्रष्टाचार और आतंक के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
हालांकि, शेख कमरुद्दीन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उनका अवैध कोयला, लोहा या बालू चोरी से कोई संबंध नहीं है और उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के तहत फंसाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


