
मुंबई : (Mumbai) अभिनेता वरुण धवन (Actor Varun Dhawan) इन दिनों अपनी आगामी फिल्म है ‘जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म का निर्देशन उनके पिता डेविड धवन ने किया है, जिसमें मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े (Mrunal Thakur and Pooja Hegde) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी बीच वरुण को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है कि वह अब हॉलीवुड में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, वरुण धवन की मशहूर अमेरिकी निर्माता लॉरेंस कासानॉफ (American producer Lawrence Kasanoff) के साथ एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ हफ्तों से दोनों पक्षों के बीच चर्चा तेजी से आगे बढ़ी है और अब यह बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि यह फिल्म वरुण के करियर के लिए एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मौका साबित हो सकती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हॉलीवुड परियोजना समानांतर ब्रह्मांडों की अवधारणा पर आधारित एक बड़े स्तर की एक्शन फिल्म होगी। गौरतलब है कि लॉरेंस कासानॉफ ने 1990 में जेम्स कैमरून के साथ मिलकर ‘लाइटस्टॉर्म एंटरटेनमेंट’ की स्थापना की थी। वह ‘टर्मिनेटर 2’ और ‘मोर्टल कॉम्बैट’ (Terminator 2 and Mortal Kombat) जैसी फिल्मों के निर्माण के लिए जाने जाते हैं।


