
गैस संकट से उद्योगों पर असर, बढ़ती उत्पादन लागत के बीच सरकार का बड़ा फैसला
लखनऊ : (Lucknow) प्रदेश में गैस आपूर्ति में कमी और लगातार बढ़ती उत्पादन लागत के बीच उद्योगों पर संकट गहराने लगा है। हालात को देखते हुए श्रम विभाग (Labor Department) की उच्च स्तरीय बैठक में ऊर्जा खपत कम करने और उद्योगों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम (‘Work from Home’) व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि कार्यालयों और फैक्ट्रियों को अलग-अलग शिफ्ट में संचालित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे ऊर्जा खपत कम होगी और उत्पादन गतिविधियां प्रभावित हुए बिना उद्योगों को राहत मिल सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार गैस आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर औद्योगिक इकाइयों और रोजगार पर पड़ रहा है। कई उद्योगों में नौकरियों पर संकट की स्थिति बनने लगी है।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही नई व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि औद्योगिक उत्पादन और रोजगार दोनों को संतुलित रखा जा सके।


