
ठाणे : (Thane) आनंद परांजपे (Anand Paranjpe) शुक्रवार को शिवसेना में शामिल हो गए। इस संबंध में जानकारी पार्टी नेता और मंत्री उदय सामंत (party leader and Minister Uday Samant) ने दी। उदय सामंत ने बताया कि पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे ने राकांपा एपी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद आनंद परांजपे को पार्टी में शामिल करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से महायुति गठबंधन में किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है और गठबंधन धर्म का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। उदय सामंत ने कहा कि आनंद परांजपे ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिवसेना से की थी, इसलिए अब वे अपनी मूल पार्टी में लौटे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई पदाधिकारी अपनी इच्छा से पार्टी बदलना चाहता है, तो यह प्रयास किया जाता है कि वह गठबंधन के भीतर ही रहे।
राकांपा एपी के सभी पदों से दिया इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि आनंद परांजपे राकांपा एपी में प्रवक्ता (spokesperson for the NCP) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद मुंबई में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में शिवसेना शिंदे गुट की सदस्यता ग्रहण की।
किसी नेता से नाराजगी नहीं : आनंद परांजपे
आनंद परांजपे ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से शिवसेना (Shiv Sena) में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें राकांपा एपी के किसी भी नेता से कोई शिकायत या नाराजगी नहीं है।


