spot_img

Ahmedabad : शादी में बिरयानी की जगह पुलाव परोसने से घराती-बाराती में खूनी संघर्ष, दो गिरफ्तार

Ahmedabad: Bloody Clash Between Bride's and Groom's Families Over Serving Pulao Instead of Biryani at Wedding; Two Arrested

अहमदाबाद : (Ahmedabad) अहमदाबाद के कुबेरनगर इलाके स्थित सिंधु हॉल (Sindhu Hall in Ahmedabad’s Kubernagar area) में आयोजित एक शादी समारोह में मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। खाने में बिरयानी की जगह पुलाव परोसे जाने और उसके स्वाद को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने चाकू, तवे जैसे रसोई के सामान से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

इस खूनी झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल (Civil Hospital) में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली निवासी 23 वर्षीय दुल्हन कशिश कछवाया द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार उसकी शादी वस्त्राल निवासी सागर वाणी के साथ 12 मई को तय थी। 11 मई की रात सिंधु हॉल में आयोजित समारोह के दौरान पुलाव सही तरीके से नहीं बनने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था। देर रात करीब एक बजे पुरानी बात को लेकर विवाद फिर भड़क उठा।

आरोप है कि सागर, उसका भाई अमृत और उनके कुछ दोस्त मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान अमृत के एक दोस्त ने कशिश के पिता के बाएं हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं चेतन नामक युवक ने बीच-बचाव करने आई कशिश की काकी सारिकाबेन के हाथ पर चाकू मार दिया। आरोप है कि सागर, अमृत और अन्य लोगों ने कशिश, उसकी दादी, मां और भाई के साथ भी मारपीट की।

इस अफरा-तफरी के दौरान कशिश का सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी और उनकी काकी की सोने की चैन भी गायब हो गई। घायलों को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सागर, अमृत, चेतन और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दूल्हा पक्ष ने भी लगाए आरोप

दूसरी ओर दूल्हे के मित्र आकाश सिंह परिहार ने दुल्हन पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसके अनुसार खाने के दौरान दुल्हन के भाई रितिक ने “बिरयानी की जगह पुलाव क्यों बनाया?” कहकर विवाद शुरू किया था। उस समय पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया था।

आकाश का आरोप है कि देर रात करीब डेढ़ बजे रितिक ने फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दूल्हा पक्ष के लोग उसे समझाने पहुंचे तो रितिक ने लोहे के झरी से आकाश सिंह के सिर पर हमला कर दिया। अन्य लोगों ने सूरज नामक युवक के सिर और मुंह पर तवे और धारदार हथियार से वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे मदन को भी कंधे पर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आकाश ने दुल्हन के भाई रितिक, पिता कमलेश और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Explore our articles