spot_img

Kishanganj : बिहार के किशनगंज में निहार ईंट भट्ठा से 62 सिलेंडर जब्त

Kishanganj: 62 Gas Cylinders Seized from Nihar Brick Kiln in Bihar's Kishanganj

किशनगंज : (Kishanganj) बिहार में किशनगंज जिले (Bihar’s Kishanganj district) के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत जियापोखर थाना क्षेत्र के मालिनगांव पंचायत स्थित गिलहारी गांव में संचालित एमएस निहार ब्रिक्स ईंट भट्ठा में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों (gas cylinders) के भंडारण के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

मामले को लेकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित कुमार (Officer Sumit Kumar) के आवेदन पर जियापोखर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर प्रशासनिक टीम द्वारा ईंट भट्ठा परिसर में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान भट्ठा परिसर से कुल 62 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 54 घरेलू गैस सिलेंडर, 8 कॉमर्शियल सिलेंडर तथा छोटे गैस सिलेंडर शामिल हैं।

जांच के दौरान मौके पर मौजूद कर्मियों से सिलेंडरों से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रशासनिक अधिकारियों ने बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर सूची तैयार की। इसके बाद पुलिस बल की सहायता से सिलेंडरों को ट्रक पर लादकर पौआखाली स्थित गैस गोदाम भेज दिया गया।

बताया गया कि छापेमारी के समय ईंट भट्ठा मालिक एकरामुल हक मौके पर मौजूद नहीं थे। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि बिना वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण करना द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (Regulation of Supply and Distribution) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है। मामले में भट्ठा मालिक एकरामुल हक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस संबंध में थाना कांड संख्या 32/26 अंकित किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त सिलेंडरों में 49 खाली घरेलू सिलेंडर, 5 भरे घरेलू सिलेंडर तथा 8 छोटे भरे कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। प्रशासन को सूचना मिली थी कि ईंट भट्ठा में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है, जिसके बाद संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीओ अनिकेत कुमार, खनिज विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार प्रभाकर, डीएसपी, इंस्पेक्टर, राजस्व अधिकारी राहुल कुमार, श्रम विभाग के अधिकारी तथा जियापोखर एवं पौआखाली थाना की पुलिस टीम मौजूद रही।

Explore our articles