
नई दिल्ली : (New Delhi) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Union Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2015 में शुरू की गई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) (Pradhan Mantri Jeevan Jyoti Bima Yojana (PMJJBY) and the Pradhan Mantri Suraksha Bima Yojana (PMSBY) ने अब तक लगभग 25,160 करोड़ रुपये के दावों का निपटान किया है।
वित्त मंत्री ने एक्स पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक सस्ती वित्तीय सुरक्षा पहुंचाना है। ये तीनों योजनाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) द्वारा नौ मई 2015 को शुरू की गई थीं।
सीतारमण ने कहा कि ये प्रमुख योजनाएं बीमा और पेंशन क्षेत्र को व्यापक बनाने के साथ-साथ नागरिकों को जीवन की अनिश्चितताओं से सुरक्षा प्रदान कर दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को मजबूत करने का काम कर रही हैं। पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई और एपीवाई के तहत क्रमशः 27 करोड़, 58 करोड़ और 9 करोड़ से अधिक नामांकन किए गए हैं।
वित्त मंत्री ने बताया कि पीएमजेजेबीवाई के तहत अब तक 10.7 लाख से अधिक परिवारों को 21,500 करोड़ रुपये से अधिक के दावे का भुगतान किया गया है, जबकि पीएमएसबीवाई के तहत 1.84 लाख से अधिक परिवारों को लगभग 3,660 करोड़ रुपये के दावों का निपटान किया गया है। जनसुरक्षा योजनाओं के 11 वर्ष पूरे होने पर सभी हितधारकों, विशेषकर बैंक और बीमा कंपनियों के फील्ड स्तर के कर्मियों के प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए, जिनकी वजह से ये योजनाएं सफल हो सकी हैं।


