
रोम : (Rome) टेनिस जगत के महानतम खिलाड़ियों में शुमार नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) के लिए इस बार इटैलियन ओपन का सफर बेहद निराशाजनक रहा। छह बार के इस चैंपियन को दूसरे ही राउंड में क्रोएशिया के युवा क्वालीफायर डिनो प्रिजमिक (Dino Prižmić) ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में 18 वर्षीय प्रिजमिक ने शानदार वापसी करते हुए जोकोविच को 2-6, 6-2, 6-4 से मात दी। यह जोकोविच के प्रशंसकों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
आदर्श को हराकर पूरा किया ‘सपना’
रोचक तथ्य यह है कि जब 5 अगस्त 2005 को डिनो प्रिजमिक का जन्म (Dino Prižmić was born on August 5, 2005) हुआ था, तब तक जोकोविच टेनिस में अपना पेशेवर करियर शुरू किए दो साल पूरे कर चुके थे। प्रिजमिक जोकोविच को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं के खेल को देखकर बड़े हुए हैं। मैच के बाद जोकोविच ने भी दरियादिली दिखाते हुए युवा खिलाड़ी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि क्रोएशियाई खिलाड़ी ने बेहद उच्च स्तर का टेनिस खेला और ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 की पिछली भिड़ंत के मुकाबले उनके फोरहैंड में जबरदस्त सुधार आया है।
दिग्गजों की विदाई और रायबाकिना का दबदबा
टूर्नामेंट में जोकोविच अकेले बड़े खिलाड़ी नहीं थे जिन्हें हार का सामना करना पड़ा; छठी वरीयता प्राप्त एलेक्स डि मिनॉर (Alex de Minaur) भी उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गए। हालांकि, पूर्व चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव (champion Alexander Zverev) ने अपनी लय बरकरार रखते हुए तीसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है। महिला वर्ग की बात करें तो दूसरी वरीय एलेना रायबाकिना ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए यूनान की मारिया सकारी को एकतरफा मुकाबले में 6-4, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।


