
अमेरिका ने किया हवाई हमला, ईरान ने भी दिया जवाब
तेहरान/वाशिंगटन : (Tehran/Washington) अमेरिका और ईरान (United States and Iran) के बीच चल रहे शांति प्रयासों के बीच तेहरान से लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य तक तनाव बढ़ गया है। ईरान की सेना ने कहा कि अमेरिकी सेना ने तटीय जलक्षेत्र में एक ईरानी तेल टैंकर और संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह (port of Fujairah in the United Arab Emirates) के पास दूसरे जहाज को निशाना बनाया। इसके अलावा दक्षिणी ईरान के बंदर खमीर, सिरिक और केशम द्वीप के नागरिक इलाकों में अमेरिका की वायुसेना ने हवाई हमला किया। ईरान का दावा है कि उसने दुश्मन को माकूल जवाब दिया।
अल जजीरा, इरना और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसने आत्मरक्षा के लिए यह कदम उठाया। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में उसके नौसैनिक बलों पर मिसाइलों, ड्रोन और तेज गति वाली नावों से हमला किया। इसलिए हमला करने के लिए जिम्मेदार ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने ईरानी ठिकानों पर हुए हमलों को “प्यार भरा थप्पड़” बताया है। उन्होंने कहा कि ” सैन्य विराम जारी है। यह प्रभावी है।” उन्होंने पत्रकारों से कहा: ” ईरान ने हमसे पंगा लिया। हमने उन्हें उड़ा दिया।” ट्रंप ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत बहुत अच्छी चल रही है। रिपोर्ट में कहा गया कि ईरान युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर विचार करने की बात तो कह रहा है पर वह होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर अपना नियंत्रण औपचारिक रूप से स्थापित करने की भी कोशिश कर रहा है।
शिपिंग इंटेलिजेंस फर्म ‘लॉयड्स लिस्ट’ (Lloyd’s List) का कहना है कि जलडमरूमध्य अब बंद हो गया है। ईरान का कहना है कि उसने हाल ही में एक नई एजेंसी बनाई है। वह यहां से गुजरने वाले जहाजों को मंजूरी देने का काम करेगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा। इन कूटनीतिक प्रयासों के बीच, अंतरराष्ट्रीय मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें गुरुवार को लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी रहीं। युद्ध शुरू होने से पहले यह कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल थी।
तेहरान के साथ ताजा तनाव के बीच फ्लोरिडा के टैम्पा स्थित सेंट्रल कमांड ने बयान जारी किया है। बयान में कहा गया कि ताजा हवाई हमला आत्मरक्षा के लिए किया गया। विदेशमंत्री मार्को रूबियो ने पहले ही कह चुके हैं कि अमेरिका आत्मरक्षा करने में पीछे नहीं हटेगा। बताया गया है कि तेहरान में रात को कई जगह धमाके सुने गए। एयर डिफेंस सिस्टम को चालू किया गया। इस दौरान ईरान की राजधानी में दो धमाके हुए। ईरान के दक्षिणी इलाके के मीनाब शहर में गवर्नर ने घर से बाहर आकर एक नौसैनिक अड्डे पर हुए हमलों की पुष्टि की। बंदर अब्बास शहर (city of Bandar Abbas) में भी ताबड़तोड़ धमाके हुए हैं।संयुक्त सैन्य मुख्यालय के अधिकारियों ने बंदर खमीर और सीरिक पर हमलों की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हमलों ने दो ईरानी जहाजों को भी निशाना बनाया है।
ट्रंप ने गुरुवार को सोशल ट्रुथ पर कहा कि ईरानी गोलीबारी के बीच अमेरिका के तीन जंगी जहाज होर्मुज से सफलतापूर्वक गुजर गए। जंगी जहाजों को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचा। अमेरिकी सेना ने ईरान की हमलावर तेज रफ़्तार नावें, मिसाइलें और ड्रोन नष्ट्र कर दिए। ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को पागल करार देते हुए चेतावनी दी कि अगर तेहरान जल्द किसी समझौते पर राजाी नहीं हुआ, तो उसे और भी सख्त सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन (President Masoud Pezeshkian) ने कहा है कि इस्लामिक गणराज्य विदेशी दबाव के सामने नहीं झुकेगा। वह हर स्थिति का मुकाबला करने को तैयार है।


