spot_img

Moscow : यूक्रेन ने रूस में विजय दिवस समारोह से पहले की ड्रोन हमलों की बौछार

Moscow: Ukraine Launches Barrage of Drone Attacks in Russia Ahead of Victory Day Celebrations

मॉस्को : (Moscow) रूस और यूक्रेन (Russia and Ukraine) के बीच छिड़ा युद्ध पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। पश्चिमी देशों का समर्थन प्राप्त यूक्रेन और रूस के बीच 24 फरवरी 2022 से शुरू यह युद्ध अब वैश्विक कूटनीतिक और आर्थिक तनाव का केंद्र बन गया है। रूस में नौ मई को विजय दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए रूस ने एकतरफा सैन्य विराम की घोषणा की है। यह 8 मई आधी रात से प्रभावी होगा । यूक्रेन ने गुरुवार रात रूस पर ड्रोन हमलों की बौछार की है।

तास न्यूज एजेंसी और मॉस्को टाइम्स अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने दावा किया है कि हमले के लिए दागे गए यूक्रेन के 347 ड्रोन को मार गिराया है। यूक्रेन ने 20 से ज्यादा रूसी क्षेत्रों को निशाना बनाने के मकसद से ड्रोन की बौछार की। इसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे बड़े ड्रोन हमलों (Ukraine’s largest drone attacks) में से एक माना जा रहा है। इससे पहले मार्च में यूक्रेन ने 389 ड्रोन लॉन्च किए थे।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को समेत कई इलाकों में एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय करना पड़ा। गुरुवार दिन में भी यूक्रेन ने कई और ड्रोन भेजे। यह मॉस्को की तरफ बढ़ रहे थे। इसका असर राजधानी के हवाई यातायात पर भी पड़ा। मॉस्को के तीन बड़े एयरपोर्टरेमेत्येवो, डोमोडेडोवो और वनुकोवो (Sheremetyevo, Domodedovo, and Vnukovo) से करीब 100 उड़ानें रद या देर से संचालित हुईं। महत्वपूर्ण है कि रूस के सैन्य विराम की घोषणा से पहले यूक्रेन ने भी मंगलवार आधी रात से हमले रोकने की बात कही थी।

यूक्रेन का दावा है कि उसके दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में रूसी ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। रूस ने रातभर में 102 ड्रोन दागे। उनमें से 92 को मार गिराया। रूस के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि विजय दिवस समारोह शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। 9 मई को मॉस्को में मोबाइल इंटरनेट और मैसेजिंग सेवाएं भी बंद रहेंगी। इस बार परेड में टैंक, मिसाइल और भारी सैन्य उपकरण नहीं दिखेंगे। मंत्रालय ने इसकी वजह मौजूदा सुरक्षा स्थिति बताई है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि स्थिति जटिल है। बावजूद इसके विजय दिवस पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। वहीं, रूस ने यूक्रेन को चेतावनी दी है कि अगर विजय दिवस समारोह (Victory Day celebrations) में कोई बाधा डालने की कोशिश हुई तो कीव पर बड़े स्तर का जवाबी हमला किया जा सकता है। रूस के राष्ट्रपति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि जवाबी कार्रवाई की संभावना को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। रूस के विदेश मंत्रालय ने कीव में मौजूद विदेशी दूतावासों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों को भी एहतियातन अपने कार्यालय खाली करने की सलाह दी है।

इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को यूक्रेन पर आरोप लगाया कि उसने सेंट पीटर्सबर्ग में आम नागरिकों की जगहों पर ड्रोन हमले करने के लिए लातवियाई हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल किया। यह आरोप तब लगाया गया, जब लातविया ने कहा कि रूस की तरफ से कई ड्रोन उसके इलाके में घुस आए। लातवियाई अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार तड़के दो ड्रोन उनके इलाके में गिर गए।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बाद में बताया कि उसके हवाई सुरक्षा तंत्र ने मॉस्को के समय के अनुसार सुबह लगभग 3:20 बजे लातवियाई हवाई क्षेत्र में छह ड्रोन का पता लगाया। सेना ने दावा किया कि उसने इनमें से एक विमान को मार गिराया, जिसकी पहचान यूक्रेन के लंबी दूरी के हमलावर ड्रोन के रूप में हुई है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, बाकी पांच ड्रोन सुबह लगभग 4:00 बजे रेजेकने के पास रडार से गायब हो गए। अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष विराम 8 मई की मध्यरात्रि (00:00 बजे) से लेकर 10 मई तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान विशेष सैन्य अभियान में शामिल सभी रूसी बल अपनी सैन्य गतिविधि रोक देंगे। यूक्रेन के अंदरूनी हिस्सों में स्थित यूक्रेनी सैन्य ठिकानों और सैन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ रूसी सैन्य कार्रवाई निलंबित रहेगी।

Explore our articles