
गोरखपुर : (Gorakhpur) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने कहा है कि प्रदेश में हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड (Ayushman Card) बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी गरीब का इलाज धन के अभाव में न रुके। गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन (‘Janata Darshan’ (Public Audience) held within the Gorakhnath Temple complex) में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
200 लोगों से किया सीधा संवाद
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन (Mahant Digvijaynath Smriti Bhawan) के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने करीब 200 लोगों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों के बीच जाकर उनके प्रार्थना पत्र स्वयं लेकर पढ़े और संबंधित समस्याओं का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक ढंग से किया जाए।
इलाज और आर्थिक मदद के लिए आए लोग
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और आश्वस्त किया कि गंभीर बीमारियों के उपचार में सरकार पूरी मदद करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल से इस्टीमेट प्राप्त होते ही जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
समस्या निस्तारण में न हो लापरवाही
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर पीड़ित को त्वरित राहत मिले और किसी को भी अनावश्यक भटकना न पड़े। जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दी और उनसे बातचीत कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया।


