
रिचमंड (वर्जीनिया) अमेरिका : (Richmond) वर्जीनिया के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर जस्टिन फेयरफैक्स (Virginia’s former Lieutenant Governor, Justin Fairfax) यौन उत्पीड़न के आरोपों का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके। डेमोक्रेटिक पार्टी के उभरते नेता जस्टिन ने इस अवसाद से उबरने के लिए नशे (शराब) का भी सहारा लिया। इससे परिवार (पत्नी सेरिना और दोनों बच्चे) भी आजिज होकर बेरुखी पर उतर आया। कोर्ट-कचहरी के चक्कर बढ़े। पत्नी ने तलाक की अर्जी दे दी। बच्चों से मिलने पर शराब के परीक्षण की कानूनी शर्त लगा दी गई । आखिरकार जस्टिन फेयरफैक्स (Justin Fairfax) ने गुरुवार को पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी बंदूक से खुद को गोली से उड़ा लिया।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, फेयरफैक्स काउंटी पुलिस प्रमुख केविन डेविस (Fairfax County Police Chief Kevin Davis) ने बताया कि आधीरात को हुए इस खूनखराबा के समय दंपति के दो किशोर बच्चे घर पर ही थे। उनके बेटे ने ही राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 911 पर फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस उनके एनांडेल स्थित घर पर पहुंची। घर पर फेयरफैक्स और सेरिना (Fairfax and Cerina) के रक्तरंजित शव मिले। डेविस ने कहा यह गोलीबारी घरेलू विवाद का नतीजा है। डेविस ने बताया कि फेयरफैक्स ने घर के बेसमेंट में पहले अपनी पत्नी को गोली मारी। इसके बाद अपने बेडरूम में जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि तलाक का मुकदमा चलने के बावजूद यह जोड़ा घर में अलग-अलग बेडरूम में रह रहा था।
अदालत के दस्तावेज के अनुसार, यह घटना सेरिना फेयरफैक्स को दंपति के बच्चों की प्राथमिक शारीरिक कस्टडी (देखभाल का अधिकार) दिए जाने के ठीक दो सप्ताह से कुछ अधिक समय बाद हुई। फेयरफैक्स काउंटी सर्किट कोर्ट (Fairfax County Circuit Court) के रिकॉर्ड के अनुसार, सेरिना फेयरफैक्स ने 18 जुलाई, 2025 को तलाक की अर्जी दी थी। इस संबंध में अदालत ने 10 अप्रैल को जस्टिन फेयरफैक्स को नोटिस जारी कर 21 अप्रैल को पेश होने का निर्देश दिया था। सेरिना की वकील एमी स्पेन ने इस घटना से सकते में हैं। उन्होंने कहा “यह बहुत बड़ी त्रासदी है।सेरिना को उनके बच्चों और परिवार से छीन लिया गया।”

पुलिस अधिकारी डेविस (Police Officer Davis) ने बताया कि बच्चों की देखभाल अब उनके दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य करेंगे। फेयरफैक्स काउंटी पुलिस विभाग के पीड़ित सेवा प्रभाग से भी मदद की जाएगी। उन्होंने कहा, “शायद आधे अमेरिका को कभी न कभी तलाक की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। यह बहुत दुखद है। फेयरफैक्स परिवार को जानने वाले लोग इस घटना से हैरान हैं।” डेविस ने बताया कि जनवरी में जस्टिन फेयरफैक्स ने पुलिस को फोन करके अपनी पत्नी पर हमले का आरोप लगाया था। जांच में जस्टिन के आरोप की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
तलाक की अदालती प्रक्रिया के बीच पिछले महीने वर्जीनिया के एक जज ने एक आदेश में लिखा कि फेयरफैक्स को शराब पीने की लत है। 2022 में पद से हटने के बाद से उन्होंने खुद को अपने घर में ही बंद कर लिया है। फेयरफैक्स काउंटी सर्किट कोर्ट के जज टिमोथी जे. मैकएवॉय ने लिखा, “ये सभी तथ्य मिलकर पिता की एक ऐसी स्पष्ट तस्वीर पेश करते हैं, जो एक प्रतिभाशाली व्यक्ति होने के बावजूद कुछ अनिश्चित भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझ रहा है।” 30 मार्च, 2026 को मैकएवॉय ने कस्टडी और मुलाकात का एक आदेश जारी किया। इसमें जस्टिन फेयरफैक्स की एक दशक से भी अधिक पुरानी कुछ मुश्किलों का विस्तार से जिक्र किया गया था। यही नहीं जज ने जस्टिन फेयरफैक्स को 30 अप्रैल तक घर छोड़ने और अपने लिए अलग रहने की जगह ढूंढने का आदेश दिया। उन्हें बच्चों से मिलने से एक घंटा पहले शराब का परीक्षण करवाने का भी आदेश दिया था।
तलाक की अर्जी के अनुसार, सेरिना और जस्टिन फेयरफैक्स (Serina and Justin Fairfax) की शादी जून 2006 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 16 और 14 साल है। अर्जी के मुताबिक, दोनों 1 जून 2024 को अलग हो गए, हालांकि वे अभी भी एक ही घर में रह रहे थे। 14 दिसंबर 2024 को उन्होंने एक “शादी के बाद का समझौता” किया। सेरिना फेयरफैक्स की तलाक की अर्जी में कहा गया “दोनों पक्षों के बीच सुलह की कोई उम्मीद या आशा नहीं है।” अर्जी में आरोप लगाया गया कि जस्टिन ने “समझौता होने के बाद से किसी भी रूप में शादी के बाद के समझौते का पालन नहीं किया है” और “पत्नी और बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई भी आर्थिक योगदान नहीं देते हैं।”
फेयरफैक्स का राजनीतिक उदय और पतन
फेयरफैक्स ने 2018 से 2022 तक वर्जीनिया के गवर्नर राल्फ नॉर्थम के अधीन लेफ्टिनेंट गवर्नर के तौर पर काम किया। उन्होंने 2021 में वर्जीनिया के गवर्नर पद के लिए चुनाव भी लड़ा । पुलिस प्रमुक डेविस के अनुसार, लेफ्टिनेंट गवर्नर के तौर पर काम करने के बाद वह फिर से वकालत करने लगे, जबकि उनकी पत्नी एक डेंटिस्ट के तौर पर काम करती थीं। फेयरफैक्स ने लेफ्टिनेंट गवर्नर के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान बंदूक हिंसा की रोकथाम के लिए कानून पारित करवाने की दिशा में काम किया और बंदूक हिंसा को बार-बार राष्ट्रीय स्वास्थ्य संकट आपातकाल बताया। दो महिलाओं ने फेयरफैक्स पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। फेयरफैक्स ने बार-बार इन आरोपों से इनकार किया और आरोपों की जांच की मांग की।


