
मीरजापुर : (Mirzapur) चील्ह थाना क्षेत्र (Chilh Police Station) के चेकसारी घाट (Cheksari Ghat) पर बुधवार को गंगा में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गहरे पानी में जाने से तीन बच्चियां डूबने लगीं, जिन्हें बचाने उतरी महिला भी पानी में फंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और एक बच्ची को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची की मौत हो गई और एक अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, चेकसारी गांव निवासी रेखा देवी अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गई थीं। उनके साथ तीन किशोरियां—अंशिका (15), रंजना (13) और सोनम (14)—भी नदी में उतरी थीं। इसी दौरान अचानक गहराई बढ़ने से तीनों बच्चियां संतुलन खो बैठीं और डूबने लगीं।
घटना देख रेखा देवी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ीं, लेकिन वह भी तेज धारा और गहराई में फंस गईं। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और रेखा देवी व सोनम (14) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि अंशिका और रंजना पानी में लापता हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। चील्ह थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य के नेतृत्व में स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद रंजना (13) का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अंशिका (15) की तलाश जारी है।
मृतका रंजना कक्षा 9 की छात्रा थी और अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


