
नई दिल्ली : (New Delhi) पश्चिम एशिया में सीजफायर को लेकर ईरान और अमेरिका दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ बयान आने के बाद ग्लोबल मार्केट (global markets) में एक बार फिर बेचैनी का माहौल बन गया है। अमेरिका ने जहां ईरान की शर्तों को बेतुका बताया है, वहीं ईरान ने एक बार फिर हॉर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को बंद करने की चेतावनी दी है। इस तनातनी की वजह से आज पूरी दुनिया में दबाव का माहौल बना हुआ है। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव तेज हो जाने की आशंका को लेकर ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं।
इसके पहले सीजफायर लागू हो जाने की खुशी में अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान जबरदस्त मजबूती के साथ बंद हुए थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर (Dow Jones futures) आज दबाव में कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान जोरदार छलांग लगाने में सफल रहे थे। वहीं, एशियाई बाजार में सीजफायर फेल हो जाने की आशंका के कारण आज बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
पश्चिम एशिया में सीजफायर का ऐलान होने से उत्साहित अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार तेजी का माहौल बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स 166.04 अंक यानी 2.51 प्रतिशत उछल कर 6,782.89 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 617.15 अंक यानी 2.80 प्रतिशत की छलांग लगा कर 22,635 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, आज सीजफायर को लेकर बने डर के माहौल की वजह से डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.03 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 47,897.02 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
सीजफायर की खबर को लेकर बने उत्साह के माहौल की वजह से पिछले सत्र के दौरान यूरोपीय बाजार में भी जबरदस्त तेजी के साथ कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 260.09 अंक यानी 2.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,608.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 355.13 अंक यानी 4.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,263.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 1,159.04 अंक यानी 4.81 प्रतिशत कि छलांग लगा कर 24,080.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सीजफायर के फेल हो जाने की आशंका के कारण एशियाई बाजार में आज दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। वहीं एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा है। एशियाई बाजार में सिर्फ थाईलैंड के स्टॉक मार्केट में मजबूती के साथ कारोबार हो रहा है, जिसकी वजह से सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.55 प्रतिशत उछल कर 1,493.25 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 135.50 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,963.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,976.12 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 93.30 अंक यानी 1.59 प्रतिशत टूट कर 5,779.04 अंक के स्तर तक गिर गया है।
इसी तरह निक्केई इंडेक्स 422.42 अंक यानी 0.75 प्रतिशत फिसल कर 55,886 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.73 प्रतिशत लुढ़क कर 3,965.70 अंक के स्तर पर, हैंग सेंग इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,841 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.18 प्रतिशत टूट कर 34,699 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स (Jakarta Composite Index) 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,271.33 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।


