
14 अप्रैल को दे सकते हैं इस्तीफा, 15 को नई सरकार
पटना : (Patna) बिहार की राजनीति में दो दशकों से चला आ रहा ‘नीतीश युग’ (Nitish Era) एक बड़े मोड़ पर खड़ा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य की राजनीति छोड़ केंद्र का रुख करने की खबरों ने पटना से दिल्ली तक सियासी पारा चढ़ा दिया है। मंत्री विजय चौधरी (Minister Vijay Chaudhary) के अनुसार, नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दोपहर 3:20 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर अपनी नई संसदीय पारी की शुरुआत करेंगे। यह उनके सक्रिय राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश का औपचारिक कदम माना जा रहा है।
कैबिनेट की अंतिम बैठक और बड़े फैसले
नीतीश कुमार के 12 अप्रैल को पटना लौटने की उम्मीद है। चर्चा है कि 13 अप्रैल को वे अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे। इस बैठक में वे कुछ लोक-लुभावन या महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसले ले सकते हैं, जो मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल की आखिरी छाप होगी। सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार राजभवन जाकर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। इसके ठीक अगले दिन यानी 15 अप्रैल को बिहार में नई एनडीए सरकार (NDA government) के शपथ ग्रहण की संभावना जताई जा रही है।
सीएम के नाम पर सस्पेंस
बिहार का अगला ‘कप्तान’ कौन होगा, इसे लेकर अटकलें तेज हैं। हालांकि वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Deputy Chief Minister Samrat Chaudhary) का नाम सबसे आगे चल रहा है, लेकिन राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी नेतृत्व किसी ‘सरप्राइज’ नाम को आगे लाकर सबको चौंका सकता है। 10 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
एनडीए विधायक दल की बैठक
नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के इस्तीफे के बाद एनडीए विधानमंडल दल (NDA Legislature Party) की एक संयुक्त बैठक होगी। इसमें सभी घटक दल मिलकर नए नेता का चुनाव करेंगे। इसके बाद ही राज्यपाल के सामने नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया जाएगा। नीतीश कुमार पहले ही 30 मार्च को विधान परिषद की सदस्यता छोड़ चुके हैं, जिससे उनके दिल्ली जाने का रास्ता साफ हो गया था।


