
तेहरान : (Tehran) ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी (Iran’s Deputy Foreign Minister Kazem Gharibabadi) ने कहा कि ईरान किसी भी आक्रामकता, धमकी या आसन्न खतरे के प्रति निर्णायक जवाब देगा। यह जवाब ऐसा होगा कि हमलावर को पछताना पड़े। गरीबाबादी ने कहा कि ईरान में बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमला करने की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप (U.S. President Trump) की धमकियां युद्ध अपराधों की श्रेणी में आ सकती हैं।’द टाइम्स ऑफ इजरायल’ (The Times of Israel) के अनुसार, गरीबाबादी ने एक्स पर पोस्ट में कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति, अपने देश के सर्वोच्च अधिकारी के तौर पर, सार्वजनिक रूप से युद्ध अपराध करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के उन प्रावधानों का हवाला दिया जिनका उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, बिजली संयंत्रों और पुलों (नागरिक बुनियादी ढांचे) पर हमला करने की धमकी, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के रोम संविधि के अनुच्छेद 8(2)(b) के तहत एक युद्ध अपराध है।


