spot_img

Hamirpur : कानपुर-सागर हाईवे 24 घंटे से जाम में फंसा, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलायें सबसे अधिक परेशान

Hamirpur: Kanpur-Sagar Highway blocked for 24 hours, school children, elderly, and women most affected

20 किमी तक रेंगते रहे वाहन
हमीरपुर : (Hamirpur)
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिलेे में कानपुर सागर नेशनल हाईवे (Kanpur-Sagar National Highway in Hamirpur district) पिछले 24 घंटे से भीषण जाम की चपेट में है। मंगलवार को रुक-रुककर लग रहे जाम के कारण करीब 20 किलोमीटर तक वाहन बेहद धीमी गति से चलते रहे। इससे दैनिक यात्रियों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जाम की शुरुआत सोमवार सुबह बेतवा पुल पर एक डंपर के खराब हो जाने से हुई। पुलिस को डंपर हटवाने में करीब दो घंटे का समय लगा। इसके बाद सुमेरपुर और मुस्करा (Virat Hindu Conferences held in Sumerpur and Muskara) में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलनों के चलते यातायात को डायवर्ट किया गया, जिससे हाईवे पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया और देर रात तक लंबा जाम लगा रहा। माघ मेला, चित्रकूट अमावस्या और बांदा में बागेश्वर धाम महाराज की कथा के चलते पहले से ही हाईवे पर यातायात का अत्यधिक दबाव बना हुआ था। ऐसे में जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। मंगलवार को यमुना पुल और जवाहर नाले की पुलिया के पास फिर से वाहन खराब हो जाने से जाम दोबारा लग गया, जो सुबह तक बना रहा।

यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह (Traffic in-charge Harvendra Singh) ने बताया कि कानपुर कमिश्नरेट के सजेती क्षेत्र स्थित यमुना पुल, हमीरपुर के बेतवा पुल और कुछेछा क्षेत्र में वाहनों के खराब होने से यातायात प्रभावित हुआ। कोतवाली नगर प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और खराब वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु करने का प्रयास किया गया। लंबे जाम के कारण लंबी दूरी की यात्री बसें घंटों फंसी रहीं। स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी हुई, वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा स्थानीय व्यापार पर भी जाम का नकारात्मक असर देखने को मिला। पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात सामान्य कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Explore our articles