spot_img

Bhayandar : प्रत्यंचा की टंकार से टूटेगा घमंड का भ्रम : प्रताप सरनाईक

Bhayandar: The arrogance of illusion will be shattered by the twang of the bowstring: Pratap Sarnaik

हनुमान मंदिर में पूजा के साथ शिवसेना ने किया चुनावी शंखनाद
विनय दूबे
भाईंदर : (Bhayandar)
मीरा-भाईंदर नगर निगम चुनाव (Mira-Bhayandar Municipal Corporation elections) को लेकर शिवसेना ने जोरदार आगाज किया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने भाईंदर (पूर्व) स्थित बी.पी. रोड के प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवसेना के सभी 81 उम्मीदवारों के साथ चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। इस अवसर पर सामूहिक श्री हनुमान चालीसा (Shri Hanuman Chalisa) पाठ हुआ, जिससे पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा।

जनता का विश्वास ही हमारी असली ताकत

सभा को संबोधित करते हुए प्रताप सरनाईक (Pratap Sarnaik) ने कहा कि शहर की जनता का विश्वास ही शिवसेना की सबसे बड़ी ताकत है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विकास की गंगा हर घर तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि मीरा-भाईंदर का विश्वस्तरीय और सर्वांगीण विकास करना शिवसेना का कर्तव्य है, और इसी उद्देश्य से 81 उम्मीदवार चुनावी रणभूमि में उतरे हैं।

बालासाहेब और आनंद दिघे के विचारों से प्रेरित लड़ाई

सरनाईक ने कहा कि हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर स्वर्गीय आनंद दिघे साहेब (Hindu Hriday Samrat late Balasaheb Thackeray and Dharmaveer late Anand Dighe Saheb) के विचारों से प्रेरित होकर शिवसैनिक विकास और विश्वास के मुद्दे पर यह चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शिवसैनिक अपने दम पर मीरा-भाईंदर मनपा मुख्यालय पर भगवा फहराने को आतुर हैं और इस बार दमदार प्रदर्शन के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।

90 प्रतिशत काम पूरे, विकास पर भरोसा

रविवार को शिवसेना का चुनावी घोषणा-पत्र जारी करते हुए प्रताप सरनाईक (Pratap Sarnaik) ने कहा कि इसमें शामिल लगभग 90 प्रतिशत कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। ये सभी कार्य पिछले तीन वर्षों में धरातल पर उतारे गए हैं, जो शिवसेना के कुशल, प्रभावी और परिणामोन्मुख कामकाज का प्रमाण हैं।

मेट्रो और सूर्या जलापूर्ति परियोजना अंतिम चरण में

उन्होंने बताया कि मीरा-भाईंदर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मेट्रो परियोजना और सूर्या जलापूर्ति परियोजना (metro project and the Surya water supply project) अपने अंतिम चरण में हैं और शीघ्र ही पूरी होंगी। इन परियोजनाओं से नागरिकों का दैनिक जीवन अधिक सुगम होगा और शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।

नरेंद्र मेहता का पलटवार

भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता (BJP MLA Narendra Mehta) ने कहा कि परिवहन मंत्री भाजपा की नकल कर रहे हैं, यह देखकर अच्छा लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मीरा-भाईंदर में युति धर्म का पालन नहीं किया गया। मेहता ने कहा कि 16 जनवरी को शहर की जनता घमंड और झूठ का माकूल जवाब देगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2017 में नगरसेवक भाजपा के कारण चुने गए थे और इस बार प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से सच्चाई सामने आएगी।

Explore our articles