spot_img

भीमशक्ति ने दिया विनोद मिश्रा को समर्थन

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व गटनेता एवं वार्ड क्रमांक 43 (कुरार गांव, मालाड पूर्व) से उम्मीदवार विनोद मिश्रा को भीमशक्ति संगठन का आधिकारिक समर्थन प्राप्त हुआ है। संगठन के इस समर्थन से उत्तर-पश्चिम मुंबई की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।

भीमशक्ति संगठन के उत्तर-पश्चिम जिला अध्यक्ष विजय नायर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विनोद मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें समर्थन पत्र सौंपा। इस अवसर पर संगठन ने वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

समर्थन मिलने पर विनोद मिश्रा ने भीमशक्ति संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहा बढ़ता समर्थन उनकी जीत के अंतर को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का सहयोग उन्हें क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति देने की प्रेरणा देगा।

विनोद मिश्रा वार्ड क्रमांक 43 से दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं और हाल के दिनों में उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों के साथ कई संवाद बैठकें आयोजित की हैं। उनके प्रमुख कार्यों में मलाड के एस. के. पाटिल एकमात्र नगर निगम अस्पताल को पुनः शुरू कराना, डायलिसिस सेंटर की स्थापना, अस्पताल के लिए आरक्षण सुनिश्चित करना, सीवर लाइनों का विस्तार, पोस्ट ऑफिस की स्थापना, महानगर गैस पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराना तथा मलाड पूर्व में नए पी/ईस्ट बीएमसी वार्ड कार्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना शामिल है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख के लिए पहचाने जाने वाले विनोद मिश्रा ने उद्धव ठाकरे सरकार के कार्यकाल में बीएमसी के कई टेंडरों में कथित अनियमितताओं को उजागर किया था, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 5,400 करोड़ रुपये के टेंडर रद्द किए गए थे।

भीमशक्ति संगठन के समर्थन से विनोद मिश्रा की स्थिति वार्ड 43 में और मजबूत होती दिख रही है, वहीं आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं।

Explore our articles