मुंबई : (Mumbai) रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (Reserve Bank of India) (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (Monetary Policy Committee) (MPC) की तीन दिवसीय द्विमासिक समीक्षा बैठक सोमवार को यहां शुरू हो गई। इस बैठक में रेपो रेट सहित प्रमुख नीतिगत दरों पर निर्णय लेने से पहले मौजूदा आर्थिक हालात की समीक्षा की जाएगी।एमपीसी की समीक्षा बैठक के दौरान रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती किये जाने की संभावना है। आरबीआई गवर्नर इस बैठक में लिए फैसलों की जानकारी एक अक्टूबर को देंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा (RBI Governor Sanjay Malhotra) की अध्यक्षता में आयोजित तीन दिवसीय यह बैठक एक अक्टूबर तक चलेगी। आर्थिक मामलों के जानकारों का कहना है कि आरबीआई 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक चलने वाली तीन दिवसीय द्विमासिक मौद्रिक नीति समिति की समीक्षा बैठक में प्रमुख ब्याज दर (रेपो रेट) में 0.25 फीसदी की कटौती कर सकता है। एसबीआई ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि केंद्रीय बैंक के लिए रेपो रेट में 0.25 फीसदी कटौती का निर्णय उचित और तर्कपूर्ण होगा, क्योंकि आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में भी खुदरा महंगाई दर के नरम बने रहने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (Consumer Price Index) (CPI) पर आधारित महंगाई में गिरावट के बीच रिजर्व बैंक ने फरवरी से अबतक रेपो रेट में एक फीसदी तक की कटौती कर चुका है। रिजर्व बैंक ने लगातार तीन बार रेपो रेट में कटौती के बाद अगस्त में इसे यथावत रखा था। फिलहाल रेपो रेट 5.50 फीसदी पर है।


