spot_img

New Delhi : भारत और किर्गिस्तान के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि लागू हुई

नई दिल्ली : (New Delhi) भारत और किर्गिज गणराज्य की सरकार के बीच गुरुवार को द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) के प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही भारत-किर्गिजस्तान के बीच बीआईटी आज से लागू हो गया।

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण और किर्गिज गणराज्य के विदेश मंत्री झीनबेक कुलुबाएव मोल्दोकानोविच के बीच आज नई दिल्ली में हस्ताक्षर हुए। भारत और किर्गिज़ सरकार के बीच 14 जून, 2019 को बिश्केक में हस्ताक्षरित द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) आज से लागू हो गई है। यह नई बीआईटी 12 मई, 2000 को लागू किए गए पहले के समझौते का स्थान लेगी, जिससे दोनों देशों के बीच निवेश की सुरक्षा में निरंतरता सुनिश्चित होती है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि भारत-किर्गिज बीआईटी द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और सुरक्षित तथा पूर्वानुमानित निवेश वातावरण को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बीआईटी का उद्देश्य एक दूसरे के क्षेत्र में किसी भी देश के निवेशकों के हितों को बढ़ावा देना और उनकी रक्षा करना है।

Explore our articles