पश्चिम सिंहभूम : (West Singhbhum) पश्चिम सिंहभूम जिले की प्रथम जिला परिषद अध्यक्ष अनीता सुंभूरुई (first Zila Parishad President Anita Sumbhurui) (60 ) का सोमवार की रात आकस्मिक निधन हो गया। हृदय गति रुकने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक निधन से न केवल राजनीतिक क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। बताते चले कि वे जिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष पद पर थी।
स्वर्गीय अनीता सुंभूरुई पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं। उन्हें उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समस्या थी, जिसका इलाज नियमित रूप से चल रहा था। सोमवार रात भोजन के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें त्वरित रूप से सदर अस्पताल ले गए, जहां देर रात वह अस्पताल पहुंचीं। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार झा ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था।
उनके पति शिवकुमार सुंभूरुई (husband Shivkumar Sumbhurui) ने बताया कि अनीता सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहती थीं। सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव की धनी अनीता सुंभूरुई का जीवन समाजसेवा को समर्पित रहा। वे जिले की पहली महिला जिला परिषद अध्यक्ष थीं और अपने कार्यकाल में उन्होंने पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके निधन पर जिले में शोक की लहर है।


