जगदलपुर : (Jagdalpur) बस्तर परिवहन संघ में शनिवार काे हुए मतदान के बाद देर रात 1 बजे घोषित नतीजों में अपना पैनल के प्रदीप पाठक अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए हैं। प्रदीप पाठक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमर जीत सिंह रियार को 67 मतों से हराया। निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता संताेष मिश्रा ने नवनिर्वाचित बस्तर परिवहन संघ की कमेटी में अध्यक्ष प्रदीप पाठक, सचिव कन्हैया झा, उपाध्यक्ष आनंद सिंह चौहान, एवं सुखदेव सिंह जोशी, सह सचिव संतोष सिंह यादव एवं भूपेंद्र सिंह ठाकुर तथा कोषाध्यक्ष जगनलाल झवर काे प्रमाण पत्र देकर विजयी घाेषित किया।
रात एक बजे अंतिम परिणाम जारी होते ही बस्तर परिवहन संघ कार्यालय के सामने आतिशबाजी और मिठाईयां खिलाने का दौर शुरू हुआ, जिसके बाद वहां जश्न का माहौल रहा। सभी एक दुसरे को गले लगाकर जीत की बधाई देते रहे। विदित हाे कि शनिवार की सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। शाम छह बजे के बाद मतगणना शुरू की गई। चुनाव में एकता, परिवर्तन, विकल्प एवं अपना पैनल के बीच मुकाबला था। संघ के 2178 मतदाताओं में से 1502 सदस्याें ने मताधिकार का उपयाेग किया।
बस्तर परिवहन संघ के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद प्रदीप पाठक ने कहा कि पद संभालने के बाद सबसे पहले उनका लक्ष्य परिवहन व्यवसाय को प्रगति पर लाना है। परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं, गाडियों को ज्यादा से ज्यादा काम मिले और संघ के सदस्यों का विकास हो इसी उद्येश्य से काम किया जाएगा। साथ ही परिवहन व्यवसाय को और बेहतर करने और व्यवस्था दुरूस्त करने आवश्यक फैसले लिए जाएंगे।


