spot_img

Ranchi : अदाणी फाउंडेशन महिलाओं को देगा रोजगार के अवसर

रांची : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गुरुवार को अदाणी फाउंडेशन ने पूरे भारत में महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की घोषणा की है। यह पहल संयुक्त राष्ट्र की 2024 थीम ‘महिलाओं में निवेश: प्रगति में तेजी लाएं” के अनुरूप है।

अदाणी फाउंडेशन की संस्था’ अदाणी कौशल विकास केंद्र’ (एएसडीसी),महिला सशक्तीकरण का जोर-शोर से समर्थन करती है। एएसडीसी विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करता है, जिसमें फैशन डिजाइन, स्वास्थ्य सेवा, हॉस्पिटैलिटी और आईटी शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एएसडीसी के सहयोग से 1001 महिलाओं को 15 हजार रुपये के औसत वेतन वाली नौकरी का नियुक्ति पत्र वितरण किया जा रहा है। ये महिलाएं गुजरात, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में नौकरी करेंगी। एएसडीसी ने देश के अलग अलग सेंटरों पर अब तक 1.40 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया है, जिनमें से 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। 2016 से, एएसडीसी ने 68प्रतिशत से अधिक लोगों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराया है।

अदाणी फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक वीएस गढ़वी ने कहा कि हमें इस दिन 2024 महिलाओं को प्रशिक्षण और उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर गर्व है। वर्तमान में एएसडीसी देशभर में 70 से अधिक उद्योग आधारित पाठ्यक्रम अपने केंद्रों पर संचालित करता है। जहां ऑनलाइन के साथ-साथ प्रशिक्षण के लिए अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र भी हैं। इसमें सिमुलेशन आधारित और मेटेवर्स में स्किल आधारित ट्रेनिंग शामिल है।

अदाणी फाउंडेशन 1996 से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्थायी आजीविका, कौशल विकास और सामुदायिक बुनियादी ढांचे सहित मुख्य क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करता रहा है। वर्तमान में अदाणी फाउंडेशन 19 राज्यों के 5,753 गांवों में संचालित है, जिससे 7.3 मिलियन लोगों का जीवन प्रभावित होता है।

अदाणी फाउंडेशन की यह पहल महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में योगदान करने में मदद करेगा।

Explore our articles