आरोपितों को ईडी के दस्तावेजों के परीक्षण की अनुमति
नई दिल्ली : दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली शराब घोटाला से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले के आरोपितों को ईडी के दस्तावेजों के परीक्षण की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने इस मामले के आरोपित दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत 19 मार्च तक बढ़ा दी है। स्पेशल जज एमके नागपाल ने ये आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी।
कोर्ट ने आज इस मामले के सभी आरोपितों को ईडी के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन करने की अनुमति दे दी। कोर्ट ने कहा कि आरोपितों के वकील या उनके अधिकृत वकील सोमवार से शुक्रवार को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक ईडी दफ्तर जाकर दस्तावेजों का परीक्षण कर सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि आरोपितों के वकील ईडी के जांच अधिकारी को ई-मेल या व्हाट्सऐप से पूर्व सूचना भेजकर भी दस्तावेजों के परीक्षण की सूचना दे सकते हैं और उसके बाद तय समय पर जाकर दस्तावेजों का परीक्षण कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी को कोर्ट ने आरोपितों के वकील से नाराजगी जताई थी और कहा था कि दस्तावेजों के परीक्षण के लिए एक साल दिया था। वो अभी तक नहीं किया गया। सुनवाई के दौरान सर्वेश मिश्रा के वकील ने कहा था कि ईडी ने सर्वेश मिश्रा को मामले में सरकारी गवाह बनने का ऑफर दिया था। आरोपितों की ओर से पेश वकील ने कहा था कि संजय सिंह के मामले में चार्जशीट दाखिल की गई। उसके बाद ईडी ने नए दस्तावेज जोड़ दिया। उन्होंने कहा था कि ईडी के हिसाब से कानून नहीं चलेगा।
3 फरवरी को ही कोर्ट ने संजय सिंह को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए राज्यसभा जाने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने 24 जनवरी को इस मामले के आरोपित सर्वेश मिश्रा को नियमित जमानत दी थी।
ईडी ने संजय सिंह को 4 अक्टूबर, 2023 को उनके सरकारी आवास पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 22 दिसंबर, 2023 को संजय सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने कहा था कि प्रथम दृष्टया संजय सिंह मनी लांड्रिंग मामले में सीधे-सीधे या परोक्ष रूप से शामिल हो सकते हैं। कोर्ट ने कहा था कि जो तथ्य रिकॉर्ड पर रखे गए हैं, उससे कोर्ट को ये मानने के लिए पर्याप्त है कि संजय सिंह मनी लांड्रिंग के दोषी हैं।
ईडी ने इस मामले में मनीष सिसोदिया को 9 मार्च, 2023 को पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। सिसोदिया को पहले सीबीआई ने 26 फरवरी, 2023 को गिरफ्तार किया था।


