spot_img

Morena : दुष्कर्म के आरोपी की गर्भवती पत्नी को पेट्रोल डालकर जलाया, बदसलूकी का भी आरोप

मुरैना:(Morena ) जिले के अंबाह थाना क्षेत्र (Ambah police station area) में पति के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप लगाने वाली महिला के घर राजीनामा कराने के लिए गई आठ माह की गर्भवती महिला को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। महिला 80 फीसदी से ज्यादा जल गई है। उसे गंभीर हालत में अंबाह सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसे ग्वालियर के जेएएच रेफर किया गया है। मामले में महिला ने तीन लोगों पर बदसलूकी करने का आरोप भी लगाया है।

मामला अम्बाह थाना क्षेत्र के ग्राम बड़फरा का है। यहां रहने वाली 32 वर्षीय सरोज सखबार के पति सुरेश सखबार पर चांदपुरा गांव की एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। मामले में सुरेश सखबार इसी माह जमानत पर छूटकर आया है। सुरेश की पत्नी सरोज सखबार शुक्रवार देर शाम अपने पति पर लगे केस में राजीनामा करने के लिए चांदपुरा गांव के गौतम सखबार के घर गई, जहां गौतम सखबार के घर में ही पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी गई। जलती हुई हालत में ही महिला घर से बाहर निकली। जब तक लोगों ने उसे देखा और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी, जिसके बाद तत्काल उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।

घायल महिला ने एम्बुलेंस में दिए अपने बयान में बताया कि गौतम सखबार, राकेश और मदना ने उसके साथ बदसलूकी की। उसने बताया कि जब वह भाग रही थी, तब उसको पकड़ कर कमरे में ले जाकर उसके पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला और महिला की चाची और बाबा ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच करने में जुटी है।

Explore our articles