चंडीगढ़:(Chandigarh) लुधियाना में एक व्यक्ति ने अपने ही रिश्तेदार की चार वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी कर उसकी हत्या कर दी। आरोपित शव को बेड के बॉक्स में छिपाकर भाग गया। पुलिस (Police) केस दर्ज कर आरोपित की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले सोनू नामका युवक इलाके में अपने भाई अशोक के पास रहने आया था। सोनू का भाई मोहल्ले में अवैध रूप से सिलेंडर में गैस भरने का काम करता है। लुधियाना के डाबा इलाके में आरोपित सोनू बीते दिन बच्ची को उसकी नानी की चाय की दुकान से खेलने और चीज दिलवाने के बहाने अपने साथ ले गया। सीसीटीवी में भी वह बच्ची को ले जाता दिखाई दिया। बच्ची की उंगली पकड़ कर वह उसे कमरे में ले गया। दोपहर तक जब बच्ची न दिखी तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तालाश शुरू की। बच्ची के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया तो बच्ची का शव देर रात अशोक के घर के बॉक्स बेड से बरामद हुआ।
एडीसीपी जसकिरनजीत तेजा के अनुसार घटनास्थल से किसी तरह का कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। शक है कि बच्ची से रेप करके उसकी हत्या की गई है। बच्ची का गला घोंट कर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि हत्यारोपित को पकडऩे के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।


