जयपुर:(Rajasthan Assembly Result) राजस्थान विधानसभा चुनाव (Rajasthan Assembly elections) के रुझान आने शुरू हो गए हैं। शुरुआती रुझान में भाजपा को बढ़त नजर आ रही है। सुबह साढ़े नौ बजे तक के रुझानों में भाजपा 96 और कांग्रेस 67 सीटों पर आगे चल रही है। अन्य 17 सीटों पर निर्दलीय व अन्य दलों के उम्मीदवार आगे हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी पहले राउंड में पीछे चल रहे हैं। आमेर सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया भी पीछे चल रहे हैं। सरदारपुरा सीट से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आगे चल रहे हैं। विद्याधर नगर सीट से दीया कुमारी आगे चल रही हैं।
शुरुआती रुझानों में उदयपुर शहर में भाजपा के ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण में भाजपा के फूलसिंह मीणा, नाथद्वारा में भाजपा के विश्वराज सिंह मेवाड़, वल्लभनगर में भाजपा के उदयलाल डांगी, मावली में भाजपा के केजी पालीवाल आगे चल रहे हैं। चित्तौड़ में कांग्रेस के सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत आगे चल रहे हैं।
दोपहर 12 बजे तक यह तस्वीर लगभग साफ हो जाएगी कि नई सरकार किसकी होगी। राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था। श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत कुन्नर के निधन के कारण वहां चुनाव नहीं हुए हैं। इस विधानसभा चुनाव में 1863 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।


