शिमला : (Shimla) चम्बा सदर के पूर्व विधायक और झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव बीके चौहान (Chief Secretary of Jharkhand BK Chauhan) का बुधवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। चौहान वर्ष 2007 और 2012 में दो बार हिमाचल के चंबा सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक चुने गए थे। चौहान के निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक जताया है। नड्डा सहित कई भाजपा नेताओं ने शोक जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए चौहान का सराहनीय योगदान रहा। समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रयासों के लिए उन्हें याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
चौहान के निधन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डाॅ राजीव बिन्दल, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संजय टण्डन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सुरेश कश्यप, किशन कपूर, इंदू गोस्वामी, डाॅ सिकंदर कुमार, प्रदेश महांमत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है।


