spot_img

Faridabad : सूरजकुंड मेला परिसर में प्रथम दीवाली उत्सव शुक्रवार से

फरीदाबाद : सूरजकुंड मेला परिसर में प्रथम दीवाली उत्सव का रंगारंग अनूठा आगाज शुक्रवार से होगा। इस संबंध में सूरजकुंड मेला परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। प्रथम दीवाली उत्सव का शुभारंभ हरियाणा के पर्यटन मंत्री कंवर पाल गुर्जर करेंगे। दीवाली उत्सव के शुभारंभ के अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष अरविन्द यादव, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव एमडी सिन्हा, निदेशक पर्यटन प्रभजोत सिंह, हरियाणा पर्यटन के एमडी नीरज कुमार, उपायुक्त विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

हर शाम मुख्य चौपाल पर रंगारंग व सुन्दर सांस्कृतिक कार्यक्रमों आयोजन किया जाएगा। तीन से 10 नवंबर 2023 सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 3 नवंबर को उद्घाटन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, 4 नवंबर को हिप हॉप प्रदर्शन, जिसमें मशहूर कलाकार एमसी स्क्वायर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 5 नवंबर को पंजाबी कलाकार अखिल द्वारा पंजाबी हिट्स का प्रदर्शन किया जाएगा। छह नवंबर को हरियाणवी सिंगर सुमित गोस्वामी द्वारा एक हरियाणवी पॉप प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा।

हरियाणा पर्यटन कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा के सहयोग से 7 नवंबर को सुरमयी शाम – बॉलीवुड धुनों की एक भावपूर्ण यात्रा होगी। इसके अलावा 8 नवंबर को इंडियन आइडल सेंसेशन सलमान अली की धुनों पर दर्शक थिरकेंगे, 9 नवंबर को इंडियन ओशियन बैंड के साथ फ्यूज़न रॉक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे तथा 10 नवंबर को समापन समारोह के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

प्राचीन सूरजकुंड को दीपों से सजाकर दीपोत्सव का आयोजन कर सरयू नदी के प्राचीन घाट की छवि का प्रदर्शन किया जाएगा। मेले में खान-पान के लिए विशेष तौर पर फूड कोर्ट सजाई जा रही है। यहां दीवाली उत्सव में आने वाले पर्यटक अच्छे खान-पान का आनंद ले सकते हैं। उत्सव का उद्देश्य पर्यटकों के त्यौहारी सीजन को खास बनाना है और इसके लिए हरियाणा पर्यटन विकास निगम बेहतरीन तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। दीवाली उत्सव में पर्यटकों की सुरक्षा का ख़ास ध्यान रखा जाएगा।

Explore our articles