spot_img

New Delhi : भारत-ब्रिटेन के व्यापार मंत्रियों ने प्रस्तावित एफटीए वार्ता प्रगति की समीक्षा की

नई दिल्ली/ओसाका: (New Delhi) भारत और ब्रिटेन ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जारी वार्ता प्रगति की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच यह समीक्षा ओसाका में हुई। भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन की व्यापार मंत्री केमी बेडनोच ने इसकी समीक्षा की।

पीयूष गोयल ने शनिवार को ‘एक्स’ पोस्ट पर दी जानकारी में कहा कि ब्रिटेन की व्यापार मंत्री केमी बेडनॉश के साथ भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते पर चल रही बातचीच की प्रगति को लेकर चर्चा की। दोनों देशों के बीच प्रस्तावित एफटीए पर वार्ता अंतिम चरण में पहुंच गई है। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि दोनों देश चाहते हैं कि यह बातचीत जल्द पूरी हो।वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के मुताबिक प्रस्तावित एफटीए वार्ता को जल्द पूरा करने, उत्पादों के मूल स्थान और सेवा क्षेत्र के नियमों जैसे मुद्दों पर मतभेद दूर करने के लिए दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है। प्रस्तावित एफटीए समझौते में 26 अध्याय हैं, जिनमें सामान, सेवाएं, निवेश और बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि भारत और ब्रिटेन के बीच एक अलग समझौते के तौर पर निवेश संधि के बारे में भी बातचीत हो रही है। दोनों देशों ने जनवरी, 2022 में मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू की थी। इस वार्ता को पिछले साल दिवाली (24 अक्टूबर, 2022) तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन ब्रिटेन में राजनीतिक घटनाक्रम बदलने के कारण ऐसा नहीं हो पाया था। हालांकि, दोनों देश चाहते हैं कि एफटीए के साथ ही द्विपक्षीय निवेश संधि पर सहमति एक साथ बने। दोनों देशों को उम्मीद है कि 2023 के आखिर तक मुक्त व्यापार समझौते और निवेश संधि पर सहमति बन जाएगी।

Explore our articles