लखनऊ : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने यात्रियों की सुविधा के लिए दशहरा पर्व पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवाएं उन क्षेत्रों में विशेष रूप से उपलब्ध कराएं जिन क्षेत्रों में यात्रियों की आवागमन की सम्भावना अधिक रहती है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि दशहरा पर्व के पूर्व और उसकी समाप्ति के तुरन्त पश्चात यात्रियों का आवागमन अत्यधिक बढ़ जाता है। इस बढ़े हुए आवागमन का लाभ लेने के लिये तथा यात्रियों को अधिक परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर, 2023 तक की अवधि में अधिक से अधिक बसों के संचालन करने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने बताया कि आनंद बिहार दिल्ली से विभिन्न स्थानों के लिये जैसे टनकपुर रुपैडिया एवं सोनौली के यात्रियों की अत्यधिक भीड़ रहती है। इसी प्रकार सहारनपुर से अधिक संख्या में शाकुम्भरी देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालु जाते हैं एवं इसी प्रकार मुरादाबाद एवं बरेली से पूर्णागिरी देवी के दर्शन हेतु अधिक संख्या में श्रद्धालु जाते हैं।
परिवहन मंत्री के निर्देश पर परिवहन निगम के एमडी ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को इस सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।


