spot_img

Kolkata : स्कूल से लापता हुई आठवीं की छात्रा

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान से आठवीं कक्षा की एक छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। छात्र के परिजनों के मुताबिक सोमवार को उसके माता-पिता जब उसे स्कूल से लाने गए तब वह नहीं मिली। आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में स्कूल अधिकारियों से बात की तो उन्हें कुछ नहीं बताया गया। इस बारे में मंगलवार को स्थानीय गरियाहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी गयी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि हम अभी लड़की का नाम और पहचान उजागर नहीं कर रहे हैं। हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि 14 साल की लड़की रहस्यमय तरीके से कैसे लापता हो गई। स्कूल के अंदर और बाहर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

लालबाजार सूत्रों के मुताबिक, स्कूल के सीसीटीवी से पता चला है कि छात्रा कल शाम पांच बजे के बाद स्कूल से निकली। जांचकर्ता स्कूल अधिकारियों से बात कर रहे हैं। पुलिस अधिकारी छात्रा का मोबाइल लोकेशन भी ट्रैक करने का प्रयास कर रहे हैं। छात्रा के सहपाठियों से भी बात की जा रही है। सवाल यह है कि स्कूल की अनुमति के बिना छात्रा अकेले बाहर कैसे जा सकती है? इस संबंध में संबंधित छात्रा के परिजनों ने स्कूल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है।

परिवार के मुताबिक, हर दिन छात्रा के मां या पिता उसे स्कूल छोड़ने या लेने आते हैं।

अमूमन यदि किसी दिन छुट्टी के बाद अभिभावक के पहुंचने में देर हो जाती है, तो छात्र स्कूल के अंदर इंतजार करता है। लड़की के पिता कल स्कूल गये थे। लेकिन लड़की वहां नहीं मिली। परिवार ने यह भी दावा किया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों में छात्रा के स्वभाव में कोई गड़बड़ी नहीं दिखी। हालांकि, स्कूल ने अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Explore our articles