Home latest Mumbai: सातवें दिन के गणपति बप्पा की धूमधाम से विदाई

Mumbai: सातवें दिन के गणपति बप्पा की धूमधाम से विदाई

0
487

मुंबई:(Mumbai) देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सातवें दिन के गणपति बप्पा को बड़े ही उत्साह व भक्तिभाव के साथ विदाई दी गई। मुंबई व उपनगरों में कुल 17187 मूर्तियों का विसर्जन किया गया. इसमें 15243 घरेलू, 186 गौरी और 1758 सार्वजनिक मूर्तियों का समावेश है। इनमें 5147 मूर्तियों का कृत्रिम तालाबों में विसर्जन किया गया। जिसमें 4677 घरेलू, 76 गौरी और 394 सार्वजनिक मूर्तियों का समावेश है।

गणेश भक्तों ने ढोल- ताशों की धुन पर नाचते-गाते और गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस जल्दी आ… के जयकारों के साथ अपने लाडले बप्पा को इस साल की विदाई दी। पूरी मुंबई भगवान गणेश के जयकारों से गूंज उठी। कृत्रिम तालाबों को गणेश भक्तों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. सोमवार को सुबह शुरू हुआ विसर्जन देर रात तक चला। नाचते-गाते गणेश भक्त अपने लाडले राजा को लेकर विसर्जन स्थलों की ओर बढ़ते रहे। इस बीच बेस्ट और एसटी की कई बसों का रूट बदला गया या फिर सेवाएं रद्द करनी पड़ी. किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

मुंबई में गणेश उत्सव के आखिरी दिन यानी अनंत चतुर्दशी को गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए बीएमसी प्रशासन की ओर से जोरदार तैयारियां की गई हैं। गणेश विसर्जन शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हो इसके लिए 10 हजार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 71 नियंत्रण कक्ष। 198 कृत्रिम तालाबों के साथ अन्य सुविधाएं का प्रबंध किया गया है। विसर्जन के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए बड़े पैमाने पर पुलिस जवानों के साथ ही ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड, राहत व बचाव कार्य दल, रेलवे सुरक्षा बल, नौसेना और कोस्ट गार्ड का सहयोग लिया गया है।

बीएमसी ने गुरुवार 28 सितंबर 2023 को अनंत चतुर्दशी पर गणेश मूर्तियों के विसर्जन के लिए विशेष तैयारी की है। इस वर्ष गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए 69 प्राकृतिक स्थलों के साथ 198 कृत्रिम तालाब की व्यवस्था की गई है। विसर्जन के लिए समुद्री तटों पर 468 स्टील प्लेटों की व्यवस्था की गई है और विभिन्न स्थानों पर 46 जर्मन राफ्ट की भी व्यवस्था की गई है, ताकि विसर्जन के लिए आने वाले वाहन रेत में न फंसें। सुरक्षा के लिए चौपाटी पर 764 लाइफगार्ड के साथ 48 मोटर बोट तैनात किए गए हैं. विसर्जन से पहले भक्तों द्वारा चढ़ाए गए निर्माल्य को एकत्र करने के लिए 150 निर्माल्य कलशों सहित 282 निर्माल्य वाहनों की व्यवस्था की गई है। मनपा के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के बीच उचित समन्वय के लिए मुख्य नियंत्रण कक्ष के साथ प्रशासनिक विभागों के स्तर पर 188 नियंत्रण कक्ष संचालित किए गए हैं.

सुरक्षा के लिहाज से 60 ऑब्जर्वेशन टावर बनाए गए हैं. विभिन्न स्थानों पर 68 स्वागत कक्ष तैयार किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से 75 प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों के साथ 61 एंबुलेंस को भी तैयार रखा गया है. ”बेस्ट” के सहयोग से खंभों और ऊंचे स्थानों पर लगभग 1,083 फ्लड लाइट और 27 सर्च लाइट लगाए गए हैं. लोगों की सुविधा के लिए 121 मोबाइल शौचालय तैयार रखे गए हैं. वहीं आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की सुसज्जित गाड़ियों के साथ प्रशिक्षित जवानों को तैनात किया गया है.