spot_img

Chandigarh: अम्बाला को जल्द मिलेगी उड़ान, सिविल एन्कलेव की भूमि के लिए 133 करोड़ ट्रांसफर

राज्य सरकार ने 20 एकड़ भूमि के लिए स्थानातंरित की राशि

चंडीगढ़:(Chandigarh) हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला को जल्द उड़ान मिलेगी और इस दिशा में अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन के साथ सिविल एन्कलेव स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने 20 एकड़ भूमि के हस्तातंरण के लिए 133 करोड़ रुपये की राशि गुरुवार को अम्बाला डिफेंस इस्टेट आफिसर के एकाउंट में स्थानातंरित कर दी है।

विज ने बताया कि अम्बाला से जल्द उड़ान सेवा प्रारंभ हो, इसके लिए वह कृतसंकल्प है और रक्षा मंत्रालय के अंबाला स्थित डिफेंस इस्टेट आफिसर को 133 करोड़ रुपये स्थानातंरित होने से अब आगामी प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही 16 करोड़ रुपये की लागत से अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन के ठीक साथ लगते सिविल एन्कलेव के लिए टर्मिनल का निर्माण भी होगा। उन्होंने बताया कि अम्बाला में आरसीएस उड़ान कार्यक्रम के तहत सिविल एन्कलेव की स्थापना की जानी है और अब एयरपोर्ट के लिए भूमि हासिल करने की औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है।

अम्बाला में सिविल एन्कलेव के लिए एयरफोर्स स्टेशन के साथ 20 एकड़ जमीन की उपलब्धता हासिल करना चुनौतीपूर्ण कार्य था। मिल्ट्री डेयरी फार्म की खाली जमीन को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया व अन्य विभागों ने तकनीकी तौर पर उपयुक्त ठहराया था। यह भूमि रक्षा मंत्रालय के अधीन थी और सिविल एन्कलेव तभी बन सकता था जब जमीन राज्य सरकार को मिले। यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य था और गृह मंत्री अनिल विज ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूर्ण करते हुए 20 एकड़ भूमि के लिए रक्षा मंत्रालय को 133 करोड़ रुपए की राशि जारी करवाकर इस कार्य को पूर्ण किया है।

अम्बाला में सिविल एन्कलेव के टर्मिनल का निर्माण एयरफोर्स स्टेशन के ठीक साथ मिलिट्री डेयरी फार्म की जमीन पर किया जाएगा। टर्मिनल पर यात्रियों को चेक-इन कर बस से एयरफोर्स स्टेशन के अंदर विमान तक ले जाया जाएगा। विमानों के टेक-आफ एवं लैंडिंग के लिए एयरफोर्स स्टेशन के रन-वे का ही इस्तेमाल होगा।

Explore our articles