मीरजापुर : योगी राज भर्तृहरि की नगरी में सदानीरा मां गंगा के तट पर चुनार दुर्ग युगों से वैभवशाली इतिहास को समेटे हुए है। अब 75 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज चुनार की शान बढ़ाएगा तो वहीं सेल्फी प्वाइंट देश-दुनिया को रोमांच का अहसास कराएगा। देशभक्ति के भाव से सराबोर नीले आकाश में लहराता 20 गुणा 30 फीट आकार का तिरंगा गर्व का अहसास कराएगा।
दरअसल, मां महामाया एलायस प्राइवेट लिमिटेड चुनार की ओर से सीएसआर फंड से स्थापित कराए गए राष्ट्रीय ध्वज व सेल्फी प्वाइंट पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। समुद्र तल से 280 फीट की ऊंचाई पर स्थित चुनार दुर्ग में स्थापित राष्ट्रीय ध्वज को पूर्वांचल का सबसे ऊंचा तिरंगा माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि 75 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना चुनार के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को संवारने का काम चल रहा है।
चुनार विधायक अनुराग सिंह ने कहा कि ये राष्ट्रीय ध्वज चुनार की शान बढ़ाएगा और सेल्फी प्वाइंट यहां आने वाले सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मां महामाया अलायस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर कैलाश अग्रवाल व अखिल अग्रवाल को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।


