spot_img

Narnaul : बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 17 घायल

नारनौल : जिले के गांव बुढ़वाल के नजदीक बुधवार को एक निजी स्कूल बस कीचड़ में फंस कर पलट गई। इस हादसे में करीब 17 स्कूली बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बस चालक ने ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों को बस से बाहर निकाला। जिसके बाद बच्चों को नांगल चौधरी के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गांव थनवास के एक निजी स्कूल की बस बहरोड़ रोड की तरफ से मोरूड़ गांव से बच्चों को लेकर बुधवार को सुबह चली थी। बस में करीब 40 बच्चे सवार थे। बस बुढ़वाल के नजदीक पहुंची तो एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस ड्राइवर ने बस को मुख्य रोड से साइड में उतार दिया। इस दौरान बारिश की वजह से कच्चे रास्ते में कीचड़ हो रहा था तथा पूरा रास्ता बारिश के कारण खराब हो गया था। जिसमें फंसकर बस अचानक पलट गई। इस हादसे की वजह से कई बच्चे बस के अंदर फस गए तथा उनको चोटें आई।

बस चालक ने ग्रामीणों के सहयोग से बच्चों को बस से बाहर निकाला। बच्चों को नांगल चौधरी के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां बच्चों का इलाज कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस हादसे में करीब 17 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए थे। बस हादसे की सूचना से अभिभावकों में भी हड़कंप मच गया था। अनेक अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे। परन्तु हालात सामान्य व बच्चों को सुरक्षित देख कर सभी ने राहत की सांस ली। सभी बच्चे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने-अपने घर चले गए हैं।

Explore our articles