भिवानी:(Bhiwani) प्रदेश में पशुधन को जोखिम मुक्त करने के लिए पशुधन बीमा योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत पशुधन को अलग-अलग श्रेणी में बाटा गया है। योजना के तहत अनुसूचित जाति के पशु पालकों के पशुओं का नि:शुल्क बीमा किया जाता है। पशुपालन के उप निदेशक डा. विरेन्द्र सिंह सहरावत ने बताया कि साहीवाल गाय के लिए जिसकी 65 हजार रूपए तक की कीमत है और 12 लीटर दूध तक देती है, उसका 100 रूपए में बीमा किया जा रहा है।
जिस गाय की कीमत 65 से 80 हजार रूपए है और 12 से 15 लीटर दूध देती है, उसका बीमा 200 रूपए में तथा 80 से 90 हजार रूपए कीमत की गाय जो 15 लीटर से अधिक दूध देती है उसका बीमा 300 रूपए में किया जाता है। हरियाणा नस्ल की गाय जिसकी कीमत 40 हजार रूपए तक है, जो 10 लीटर तक दूध देती है, उसका बीमा 100 रूपए में किया जाता है। इसी नस्ल की 40 से 60 हजार रूपए तक की कीमत, जो 10 से 15 लीटर तक दूध देती है उसका बीमा 200 रूपए में तथा 60 से 83 हजार रूपए तक की कीमत वाली, जो 20 लीटर से अधिक दूध देती हो उसका 300 रूपए में बीमा किया जाता है। उन्होंने बताया कि 70 हजार रूपए तक की कीमत की क्रॉसब्रीड गाय जो 15 लीटर तक दूध देती है, उसका बीमा 100 रूपए में, 70 से 85 हजार रूपए तक की कीमत वाली, जो 20 लीटर तक दूध देने वाली गाय का बीमा 200 रूपए तथा 85 से 90 हजार रूपए वाली कीमत वाली, जो 20 लीटर से अधिक दूध देनी वाली गाय का 300 रूपए में बीमा किया जाता है।
उप निदेशक ने बताया कि 85 हजार रूपए तक की कीमत वाली भैंस, जो 15 लीटर तक दूध देती है, उसका बीमा 100 रूपए में किया जाता है। 85 से 95 हजार रूपए तक की कीमत वाली भैंस, जो 20 लीटर तक दूध देती है, उसका बीमा 200 रूपए में तथा 95 से एक लाख रूपए तक की कीमत वाली भैंस, जो 20 लीटर से अधिक दूध देती है, उसका बीमा 300 रूपए में किया जाता है। उन्होंने बताया कि पालतू घोड़े, गधे, खच्चर जिनकी कीमत 50 हजार रूपए है उनका 100 रूपए में बीमा किया जाता है। एक से तीन साल तक की नर एवं मादा भेड़ व बकरी का बीमा 25 रूपए में किया जाता है। दो से 10 साल तक के बैल, सांड, झोटे का बीमा 100 रूपए में बीमा किया जाता है। तीन से आठ साल तक के उंट का बीमा 100 रूपए में किया जाता है। छह महीन से दो साल तक की बछड़ी व कटड़ी का बीमा 100 रूपए में किया जाता है।


