मुंबई: (Mumbai) एनसीपी नेता अजित पवार के अचानक शिंदे सरकार में शामिल हो जाने बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई है। शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता व विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा है कि उद्धव ठाकरे, शरद पवार व राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी इस चुनौती को स्वीकार करेगी और महाराष्ट्र को फिर से प्रगति की ओर ले जाएंगे। हम लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी!
अंबादास दानवे ने शिंदे गुट पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि जो चिल्ला रहे थे कि फंड नहीं देते, अब वे उनकी ही गोद में बैठेंगे! तत्कालीन वित्त मंत्री अजीत पवार पर फंड बंटवारे में मतभेद का आरोप लगाकर शिवसेना से गद्दारी करने वाले अब क्या करेंगे? दानवे ने कहा कि मुझे 40 लोगों के गिरोह पर तरस आ रहा है। दानवे के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष के फैसले का डर शिंदे गुट से ज्यादा भाजपा को था। नतीजे उलटने पर सरकार बचाने की यह चाल है।


