जयपुर: (Jaipur) राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के सौलह अधिकारी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत हुए हैं। केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने आरएएस अधिकारियों के पदोन्नति की अधिसूचना जारी की है। आईएएस में पदोन्नत होने वाले नौ अधिकारी 1996 बैच और सात अधिकारी 1997 बैच के हैं। सभी अधिकारियों को 2022 का बैच मिलेगा।
सौलह अधिकारियों में आईएएस में प्रियंका गोस्वामी, जगजीत सिंह मोंगा, रामनिवास मेहता, डॉ. अरूण गर्ग, राजेंद्र कुमार वर्मा, अल्पा चौधरी, संचिता बिश्नोई, हर्ष सावनसूखा, आशुतोष गुप्ता, बाबूलाल गोयल, बालमुकुंद असावा, नारायण सिंह, किशोर कुमार, हनुमानमल ढाका, बचनेश कुमार अग्रवाल और वासुदेव मालावत है। जानकारी के अनुसार प्रियंका गोस्वामी अभी राज्य सूचना आयोग में सचिव हैं। जगजीत मोंगा जयपुर डिस्कॉम में सचिव प्रशासन के पद पर हैं। रामनिवास मेहता डीओपी में संयुक्त सचिव के पद पर, डॉ अरुण गर्ग रीको में एडवाइजर इंफ्रा हैं। अल्पा चौधाी हासिंग बोर्ड में सचिव हैं। इसके अलावा आईएएस में पदोन्नत हुए रामनिवास मेहता नवंबर 2011 से लेकर दिसंबर 2013 तक तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री भरत सिंह के स्पेशल असिस्टेंट रहे थे। उस दौरान खराब सड़क बनाने वाले ठेकेदारों पर एक्शन लेने और सड़कों की क्वालिटी चौंकिंग अभियान काफी चर्चित रहा था। जयपुर हेरिटेज नगर निगम के अतिरिक्त कमिश्नर राजेंद्र वर्मा भी आईएएस बन गए हैं। राजेंद्र वर्मा हाल ही नगर निगम की मेयर और कांग्रेस पार्षदों के साथ टकराव के कारण विवादों में आए थे।


