अजमेर : जिले के किशनपुरा गांव में मां के साथ खेत पर गए भाई-बहन फार्म पोंड में मंगलवार को डूब गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ ही मसूदा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली गई। ग्रामीणों की मदद से कुछ देर बाद दोनों के शव को बाहर निकाला गया। मसूदा थाना पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
किशनपुरा गांव निवासी रिहान (11) पुत्र नासिर मोहम्मद, नादिरा (8) पुत्री नासिर अपनी मां मेहरून के साथ मंगलवार को घर से डेढ़ किलोमीटर दूर अपने खेत पर गए हुए थे। खेत पर बने फार्म पोंड के पास बरसात के कारण मिट्टी गीली हो रखी थी। इस दौरान 8 वर्षीय नादिरा का पैर फिसल गया और वह पोंड में जा गिरी। बहन को बचाने के लिए 11 वर्षीय रिहान भी पोंड में जा कूदा। जिसके बाद दोनों ही पोंड में डूब गए। दोनों बच्चों के डूबने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही मसूदा एसडीएम भरत गुर्जर सहित मसूदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर सिविल डिफेंस को भी बुलाया गया। हालांकि ग्रामीणों के द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। जिन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसडीएम भरत गुर्जर ने बताया कि दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।


