ध्यान, मुद्रा एवं योग पर आधारित सत्संग कार्यक्रम में करेंगे सहभागिता
रीवा:(Rewa) एकात्म अभियान के तहत हर्टफुलनेस ट्रस्ट (Shri Ramchandra Mission) के प्रमुख पद्मभूषण कमलेश डी. पटेल (Daji) गुरुवार को रीवा के प्रवास पर आएंगे। वे यहां योग, मुद्रा एवं ध्यान पर आधारित सत्संग कार्यक्रम में अपनी भागीदारी करेंगे एवं प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे।
मप्र जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक प्रवीण पाठक ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में संचालित एकात्म अभियान के तहत हर्टफुलनेस ट्रस्ट एवं मप्र जन अभियान परिषद द्वारा ध्यान, मुद्रा एवं योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से मध्य प्रदेश के एक करोड़ से अधिक लोगों को योग, मुद्रा एवं ध्यान की अनुपम विधा से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत दाजी गुरुवार अपरान्ह रीवा आएंगे। वे यहां शाम 6:00 बजे चंद्रलोक होटल में आयोजित योग, मुद्रा एवं ध्यान पर आधारित सत्संग कार्यक्रम में अपनी भागीदारी करेंगे। इसके बाद प्रबुद्धजनों से मुलाकात होगी। उनका रात्रि विश्राम रीवा में होगा और 23 जून को प्रातः 7 बजे वे सतना रवाना होंगे।
उल्लेखनीय है कि एकात्म अभियान के तहत पिछले 6 मई से अभी तक प्रदेश के 45 हजार से ज्यादा ग्रामों/वार्डो में योग, मुद्रासन एवं ध्यान के शिविर आयोजित किये जा चुके हैं। इस अभियान में हर्टफुलनेस ट्रस्ट के प्रशिक्षकों द्वारा ग्रामीण अंचल में जाकर ग्रामीणों को योग, मुद्रा एवं ध्यान की जानकारी दी जा रही है। इस अभियान में जन अभियान परिषद से संबंद्ध नवॉकुर संस्थाएं, प्रस्फुटन समितियों, परामर्शदाताओं एवं छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी की है।


