शिमला:(Shimla) हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों को लंबित डीए के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। निगम कर्मचारियों को तीन फीसदी डीए जल्द जारी होगा।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सोमवार देरशाम निगम के निदेशक मंडल की बैठक में कर्मचारियों को तीन फीसदी डीए तत्काल प्रभाव से जारी करने की सहमति जताई गई है। इसके अलावा निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर एक्स ग्रेशिया लाभ को नियमित कर्मचारी के लिए 55 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.50 लाख और अनुबंध कर्मचारी के लिए ए लाख रुपए करने पर भी हामी भरी गई है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन निगम की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित किया जाएगा और आय के साधन बढ़ाने को लेकर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस खरीद सहित अन्य प्रकार की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। निगम में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ निगम की विभिन्न देनदारियों को निपटाया जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में 556 नई बसों को शामिल किया जाएगा। इसमें से 196 बसों को सरकार द्वारा हरी झंडी देकर निगम के बेड़े में शामिल कर लिया गया है। शेष 360 बसें जल्द परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंगी। इन बसों में इलेक्ट्रिक, वॉल्वो और डीजल बसें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि निगम के बेड़े में 150 नई डीजल बसें और 11 वॉल्वो बसें भी शामिल कर दी गई हैं। इसके अलावा 60 और डीजल बसों को शामिल करने की इजाजत भी सरकार ने प्रदान की हैं तथा जल्द ये बसें भी परिवहन निगम का हिस्सा होंगी।


