spot_img

Srinagar : उधमपुर के मजदूर दीपक की हत्या में शामिल पांच आतंकी गिरफ्तार

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 18 दिन पहले दक्षिण कश्मीर के जंगलातमंडी अनंतनाग में उधमपुर के मजदूर दीपक कुमार की हत्या में शामिल जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकियों को गिरफ्तार किया।

डीआईजी दक्षिण कश्मीर रईस मोहम्मद भट ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 29 मई की शाम 9ः14 बजे स्कूटी पर सवार अज्ञात बंदूकधारी जीएमसी अनंतनाग के पास मनोरंजन पार्क तक पहुंचे और अवैध रूप से खरीदे गए हथियार और गोला-बारूद की मदद से फायरिंग की। इस दौरान उन्होंंने थायल-पंचायत दियोट बिलासपुर उधमपुर निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपू नाम के मजदूर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मनोरंजन पार्क के मजदूरों ने दीपू को जीएमसी अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। 30 मई को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच की गई और इसमें शामिल आरोपितों को पकड़ने के लिए सभी संभावित तकनीकी, मानवीय और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। इस बीच शिरपोरा देवा कॉलोनी के सेहरान बशीर नदाफ और शिरपोरा न्यू कॉलोनी के उबैद नजीर लैगरू लापता हो गए। जीएमसी-अनंतनाग के पास देवा कॉलोनी से इन दो व्यक्तियों की गुमशुदगी पर भी इस जांच दल ने विचार किया। इसके साथ ही तकनीकी और मानव डेटा का भी विश्लेषण किया गया।

पुलिस ने जून 6 को लगभग 10ः30 बजे सेमथान-तुलखान चौराहे पर नाका चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनके खुलासे से मामले में बड़ी सफलता मिली और अपराध में शामिल आरोपित व्यक्तियों की पहचान की गई। वैज्ञानिक और तकनीकी डेटा विश्लेषण के साथ उनके खुलासे से हथियारों और गोला-बारूद के साथ एक स्कूटी (जेके03एम-0442) बरामदगी हुई, जिसका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था।

उन्होंने कहा कि कार्यकारी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई और जब्त की गई। इस दौरान अपराध करने में शामिल जेईएम/केएफएफ संगठन से जुड़े दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। मामले की आगे की जांच में अन्य आरोपित व्यक्तियों की पहचान स्थापित हुई जिन्होंने सह आरोपितों के साथ साजो-सामान की सहायता प्रदान की और एक आपराधिक साजिश रची थी। इसके बाद उन्होंने कहा कि तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

डीआईजी ने गिरफ्तार आतंकियों की पहचान सेहरान बशीर नदाफ, उबैद नजीर लैगरू, वाघमा के उमेर अमीन थोकर, वाची शोपियां के हुजैफ शब्बीर भट और वेंटेंग मोहल्ला बिजबिहाड़ा के नासिर फारूक शाह के रूप में की है। उन्होंने बताया कि एक एके-47, एक मैगजीन और 40 राउंड के अलावा दो पिस्टल, इतनी ही मैगजीन, सात राउंड, इतने ही खाली कारतूस, तीन हथगोले, सात मोबाइल फोन और स्कूटी को बरामद किया गया है।

Lucknow : यूपी विधानसभा सत्र से पहले सियासी संग्राम

लखनऊ : (Lucknow) उत्तर प्रदेश विधानसभा (Uttar Pradesh Legislative Assembly) के एक दिवसीय सत्र की शुरुआत से पहले ही राजधानी लखनऊ में महिला आरक्षण...

Explore our articles