spot_img

Chandigarh : ऑनलाइन सिस्टम से प्रदेश के 60 हजार लोगों की बनी स्वत: पेंशन: मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने करनाल के गांव काछवा में किया जनसंवाद

पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता व टेनिस कोच से रिपोर्ट तलब

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को अपने करनाल प्रवास के दौरान काछवा गांव में जनसंवाद करते हुए कहा कि प्रदेश में 60 हजार से अधिक पात्र लोगों की पेंशन अपने आप बनी है।राज्य सरकार ने ऐसी ऑनलाइन व्यवस्था की है कि अब 60 साल की आयु होने के बाद पात्र बुजुर्ग व्यक्ति को सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ते, उनकी बुढ़ापा पेंशन अपने आप बन जाती है।

मनोहर लाल ने बताया कि गांव काछवा में ही 1369 नई पेंशन बनाई गई हैं, जिनमें 19 लोगों की पेंशन स्वत: ही बनी है। गांव में 553 आयुष्मान भारत चिरायु कार्ड भी बनाए गए हैं, जिन पर सरकार की ओर से प्राइवेट अस्पतालों को 83 लाख का बिल भी अदा किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जन का जीवन सुलभ बनाने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने में लगी है। पहले लोग कई कई घंटे लाइनों में खड़े रहते थे, लेकिन अब ऑनलाइन व्यवस्था मजबूत होने के कारण सभी योजनाएं सरल हुई हैं। भविष्य में इन्हें और सुगम बनाया जाएगा। प्रदेश सरकार का पूरा फोकस लोगों के जीवन को सुखी बनाना है।

मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि करनाल खंड के सभी 46 गांवों के स्टेडियमों के रखरखाव की वर्तमान स्थिति से आगामी 15 दिनों तक अवगत कराया जाए। सभी स्टेडियमों में मूलभूत सुविधाएं लाइट, पानी, शौचालय इत्यादि को दुरुस्त करवाया जाए। उन्होंने काछवा स्टेडियम की लाइटें 1 सप्ताह के अंदर ठीक करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी योजनाओं के लाभ की धनराशि उनके खाते के माध्यम से ही दी जा रही है, जिससे पारदर्शिता आई है। सरकार ने फर्जी खातों पर लगाम लगाते हुए 1500 करोड रुपये की बचत भी की है। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है।

जनसंवाद कार्यक्रम में खेल स्टेडियम से संबंधित एक शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता से पूछा तो उसने बताया कि स्टेडियम को खेल विभाग को हैंडओवर कर दिया गया है। वहीं मौके पर उपस्थित टेनिस कोर्ट ने कहा कि उन्हें जिला खेल अधिकारी की ओर से सूचना दी गई है कि अभी तक स्टेडियम हैंड ओवर नहीं किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता और जिला खेल कार्यालय के कोच को स्टेडियम से संबंधित समुचित कार्रवाई की रिपोर्ट की फाइल के साथ मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उपस्थित होने के निर्देश दिए।

Explore our articles