अशोकनगर : जिले के देहात थाना अंतर्गत समीपस्थ गांव दियाधरी में पुरानी रंजिश पर दो सगे भाईयों की हत्या कर दी गई, उक्त रक्त रंजित विवाद में परिवार के छै अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं, जिनमें से तीन लोग की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें उपचार के लिए भोपाल रिफर किया गया है।
समीपस्थ गांव दियाधरी में बुधवार की रात खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। जानकारी अनुसार यहां साहू समाज और कुशवाह समाज के लोगों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। यह रंजिश रात्रि में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। उक्त खूनी संघर्ष में सत्तर वर्षीय माधौ साहू और उनके 46 वर्षीय भाई किशन साहू की कुल्हाड़ी डंडों से हत्या कर दी गई। बताया गया कि इस संघर्ष में साहू परिवार के 6 अन्य लोग भी बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। जिनमें मनोज पुत्र माधौ साहू, नवीन पुत्र मनोज साहू, पवन पुत्र श्रीकिशन साहू गंभीर बताए गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भोपाल रिफर किया गया है। इनके अलावा विशाल पुत्र मनोज साहू, बालकिशन पुत्र मनोज, विकास पुत्र मनोज का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने उक्त मामले में सात लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें रामजीलाल कुशवाह, छतरसिंह कुशवाह, गजराम कुशवाह, जसबंत कुशवाह, प्रदीप कुशवाह, दिनेश कुशवाह, राजेन्द्र कुशवाह शामिल बताये गये हैं।


