मुरैना के आनंदी वाटिका में चल रहा था शादी समारोह
मुरैना : दूल्हा-दुल्हन के फेरे हो पाते उससे पहले ही दुल्हन अपने कथित प्रेमी के साथ भाग निकली। इतना ही नहीं दुल्हन अपने साथ सोने के उन गहनों को भी ले गई जो दूल्हा पक्ष ने उसे पहनने के लिए दिए थे। उधर जब इस बात की जानकारी वर पक्ष को हुई तो उन्होंने लड़की के परिजनों से चर्चा की। लेकिन लड़की पक्ष ने उल्टा वर पक्ष को ही हड़काना प्रारंभ कर दिया और किसी भी परिस्थिति में निपटने की धमकी भी दी। अब वर पक्ष ने कोतवाली में आवेदन देकर फरार हुई दुल्हन से उनके गहने दिलवाने की मांग की है।
बताया जाता है कि दीपक उर्फ योगेश पुत्र सन्तोष वर्मा निवासी गल्र्स स्कूल रोड मुरैना का विवाह धौलपुर राजस्थान के बाड़ी निवासी ओमप्रकाश सोनी की पुत्री शिल्पी सोनी से तय हुआ था। यह विवाह सोमवार को वेयर हाउस रोड स्थित आनंदी वाटिका में संपन्न होने जा रहा था। शाम करीब 7 बजे विवाह हेतु तैयार होने के लिए शिल्पी सोनी जीवाजीगंज में स्थित रॉयल ब्यूटी पार्लर में गई थी। शिल्पी तैयार होने हेतु जाते समय अपने साथ लड़के के परिवार द्वारा दिए गए सोने के आभूषण भी सजने संवरने के लिए ले गई। लड़के के परिवार को रात्रि 9 बजे सूचना मिली कि ब्यूटी पार्लर में सजने के लिए आई शिल्पी सोनी अपने मित्र युवक के साथ वहां से फरार हो गई है, यह खबर सुनते ही लड़के वाले दंग रह गए और उनकी प्रतिष्ठा धरी की धरी रह गई।
फरियादी राहुल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बाड़ी निवासी ओमप्रकाश सोनी की पुत्री शिल्पी सोनी उनके द्वारा दिए गए आभूषण अपने साथ ले गई है। इस संबंध में जब राहुल वर्मा के परिवार ने लड़की के परिवार से बात की तो वह गाली-गलौज करने लगे तथा झगड़ा करने पर आमादा हो गए और धमकी दी कि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो तुम्हारी खैर नहीं है। फरियादी राहुल वर्मा ने कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई कर सोने के आभूषण एवं मोबाइल फोन लड़की के परिवार से वापस दिलाने की मांग की है।


