पराड़कर स्मृति भवन में हिंदी पत्रकारिता दिवस मना
वाराणसी : हिंदी पत्रकारिता ने पूरे विश्व को नया धरातल दिया है। आज सूचना प्रेषण शक्ति के रूप में है। आज खबरों की परिभाषा और सीमा बदल गयी है। पत्रकारिता जनता का पक्ष है। पत्रकारिता देशज पवित्र शब्द है, जबकि मीडिया उपनिवेशिक शब्द है। ये उद्गार है ‘पत्रकारिता बनाम मीडिया’ विषयक संगोष्ठी में वक्ताओं के। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में काशी पत्रकार संघ की ओर से आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने लोकतंत्र में आ रही गिरावट पर समाज को चेताया। बतौर मुख्य वक्ता बीएचयू पत्रकारिता तथा जनसंप्रेषण विभाग के उपाचार्य प्रो. बाला लखेन्द्र ने कहा कि पत्रकार के लिए तटस्थता और प्रतिबद्धता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को जोड़ने की भूमिका में होनी चाहिए।
वरिष्ठ गांधीवादी प्रो. सतीश राय ने लोकतंत्र में आ रही गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा कि मिशनरी पत्रकारिता आज संकट में है। प्रो. श्रद्धानन्द ने चिंता जतायी कि पत्रकारिता की मूल आत्मा को मीडिया ने गिरफ्त में ले लिया है। फिर भी ओजस्विता के साथ पत्रकारिता जीवित है।
संघ के पूर्व अध्यक्ष कृष्णदेव नारायण राय ने पीत पत्रकारिता व पेड न्यूज की पृष्ठभूमि को रेखांकित किया। समाजवादी चिंतक विजय नारायण ने कहा कि मीडिया की वजह से ही लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु उपाध्याय ने पत्रकारिता की मूल आत्मा की रक्षा की बात की। ए.के. लारी ने वैकल्पिक मीडिया को रेखांकित किया। आर. संजय का मत था कि मीडिया और पत्रकारिता समानान्तर रूप से साथ चलती है। भाषाई गिरावट के लिए प्रभावी प्रयास जरूरी है।
राजेश राय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता हिंदू पत्रकरिता में तब्दील हो रही है, जो खतरनाक है। अमित मिश्र ने कहा कि इंटरनेट आने के बाद पत्रकारिता में गिरावट आयी है। अशफाक सिद्दीकी ने नयी पीढ़ी को दक्ष करने पर जोर दिया। कवीन्द्र नारायण ने कहा कि अब मीडिया हिंदी पत्रकारिता पर निर्भर हो गयी है। विनय सिंह ने कहा कि जन केन्द्रित मुद्दे उठाने चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ अत्रि भारद्वाज ने कहा कि मानव संस्कृति व सभ्यता के विकास में संचार माध्यमों की खास भूमिका है। संचालन महामंत्री अखिलेश मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन वाराणसी प्रेस क्लब के मंत्री विनय शंकर सिंह ने किया। गोष्ठी में संघ के कोषाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र नारायण तिवारी, उमेश गुप्त, मंत्री अश्वनी श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्त, बीबी यादव, कैलाश यादव आदि की मौजूदगी रही।


